अफसरों की दो टूक, जमातियों को शरण देने वालों पर भी दर्ज होगा मुकदमा Meerut News
सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने चेतावनी दी कि जमातियों को शरण देने वालों पर भी मुकदमा दर्ज होगा। यह बात उन्होंने मुस्लिम समाज के मुख्य लोगों के साथ बैठक के दौरान कही।
मेरठ, जेएनएन। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने शुक्रवार को लिसाड़ीगेट थाने में मुस्लिम समाज के मुख्य लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान शारीरिक दूरी का विशेष ध्यान रखा गया। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने चेतावनी दी कि जमातियों को शरण देने वालों पर भी मुकदमा दर्ज होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमातियों के बारे में जानकारी पुलिस को दी जाए। स्वास्थ्य का परीक्षण कराकर उन्हें घरों में ही क्वारंटाइन कर दिया जाएगा। पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जमातियों के साथ ही उनके रिश्तेदारों और आम लोगों को कोरोना से बचाना है।
पार्षदों को सौंपी गई जिम्मेदारी
इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल ने बताया कि बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह और सीओ दिनेश शुक्ला के नेतृत्व में लिसाड़ीगेट एरिया के मुख्य लोगों को बुलाया गया था। पार्षदों को जिम्मेदारी सौंपी गई कि अपने क्षेत्र में लुक छिपकर रह रहे जमातियों को ढूंढ निकालें, ताकि उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उन्हें क्वारंटाइन किया जा सके। लॉकडाउन के दौरान सभी से घरों में रहने की अपील की गई है। इस दौरान चेतावनी भी दी गई है कि जमातियों को शरण देने वालों के खिलाफ पुलिस एफआइआर दर्ज करेगी।
कालोनी में घुसकर लोगों पर थूक रहा मुस्लिम युवक पकड़ा
मेडिकल थाना क्षेत्र के लखमी विहार में एक मुस्लिम युवक घुस गया। कॉलोनी के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले गई। जागृति विहार के लखमी विहार में कॉलोनी के लोगों ने बाहरी लोगों के लिए गेट बंद कर दिया है। शुक्रवार को एक युवक दीवार कूदकर अंदर घुस गया। वह कॉलोनी के लोगों पर थूकने लगा। इससे लोगों को कोरोना के संक्रमण का खतरा सताने लगा। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मेडिकल पुलिस युवक को थाने ले गई।
चोरी के इरादे से घुसा था
सीओ संजीव देशवाल ने बताया कि युवक मुस्लिम है। आशंका है कि वह चोरी के लिए कालोनी में घुसा था। कालोनी के लोगों ने उसके जमाती होने की आशंका जाहिर की है। उनका कहना है कि युवक कोरोना संक्रमण फैलाने का प्रयास कर रहा था। सीओ ने बताया कि थाने में पूछताछ चल रही है। वह बार-बार अपना नाम बदलकर बता रहा है। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि चोरी के इरादे से अंदर घुसा था।