मेरठ में पत्नी पर तेजाब फेंकने पर मुकदमा, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश
मेरठ में गुरुवार दोपहर नगमा अपनी मां नईमा के साथ महिला थाने से लौट रही थी। तभी पति ने मेरठ कालेज के पास उस पर तेजाब फेंक दिया था। उसके हाथ और कमर झुलस गए थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपित पति पर केस दर्ज कर लिया है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ में महिला थाने से मां के साथ लौट रही विवाहिता पर पति ने तेजाब फेंक दिया था। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार देर रात लालकुर्ती पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। शनिवार को उसकी धरपकड़ के लिए दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सरधना थाना क्षेत्र के नवाब गढ़ी निवासी नगमा की शादी 17 नवंबर 18 में पुरानी दिल्ली के अजमेरी गेट गली सितारा निवासी रियाजुद्दीन से हुई थी। पांच माह तक तो सब सही रहा, लेकिन बाद में विवाद शुरू हो गया था। करीब ढाई साल से वह मायके में रह रही है। कुछ दिन पहले महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। गुरुवार दोपहर नगमा अपनी मां नईमा के साथ महिला थाने से लौट रही थी। तभी पति ने मेरठ कालेज के पास उस पर तेजाब फेंक दिया था। उसके हाथ और कमर झुलस गए थे। थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि आरोपित पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस की एक टीम उसे पकडऩे के लिए गई थी, लेकिन वह नहीं मिला। जल्द ही आरोपित को दबोच लिया जाएगा।