सोशल साइट्स पर पुलिस पर भद्दे कमेंट करने पर अजय भराला सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज Meerut News
अजय भराला और अनिल चौधरी ने सोशल साइट्स पर पुलिस पर भद्दे कमेंट किए थे। इंचौली थाने में अजय और अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
मेरठ, जेएनएन। रविवार को मुखिया गुर्जर ने लॉकडाउन का उल्लंघन कर पुलिस से अभद्रता की थी। इसके बाद अजय भराला और अनिल चौधरी ने सोशल साइट्स पर पुलिस पर भद्दे कमेंट किए थे। इंचौली थाने में अजय और अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। बता दें अजय भराला श्रम कल्याण परिषद अध्यक्ष सुनील भराला के भाई हैं।
जान से मारने की धमकी
सोमवार को जमालपुर निवासी राजीव चौधरी ने इंचौली थाने में अजय भराला और अनिल चौधरी के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर ब्रिजेश कुमार ने बताया कि मुखिया गुर्जर के लॉकडाउन उल्लंघन का वायरल वीडियो देखकर अजय भराला ने पुलिस पर भद्दे कमेंट किए हैं। इससे पुलिस का मनोबल गिरा तथा जनता में पुलिस की छवि खराब हुई है। बता दें कि अजय भराला पहले भी मंडी के एक अधिकारी से उलझ गए थे। उस समय भी अजय भराला पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।
आइटी एक्ट क्यों नहीं लगाया?
पुलिसिया कार्रवाई पर जनता ने सवाल उठाया है कि दोनों के खिलाफ आइटी एक्ट की धारा क्यों नहीं लगाई गई। पुलिस ने सिर्फ लॉकडाउन उल्लंघन की धारा 188, 269, 270 तीन महामारी एक्ट एवं 504 एवं 505 आइपीसी में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी का कहना है कि तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज किया है।
इनका कहना है
मुझे मुकदमा दर्ज होने की जानकारी नहीं है। मेरी फेसबुक आइडी मेरे तीन-चार साथी चलाते हैं। पुलिस का हम सम्मान करते हैं। पुलिस को अवैध वसूली नहीं करने देंगे। हम पार्टी और मुखिया गुर्जर के साथ हैं।
- अजय भराला, भाजपा नेता