Cantt Board Meeting: कैंट बोर्ड में 121 करोड़ का बजट पास, सात दिन में 10 मोबाइल टॉवर शुरू करने के निर्देश Meerut News
छावनी परिषद में स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर अनमोल सूद की अगुवाई में शनिवार को हुई बोर्ड बैठक में 121 करोड़ का प्रस्तावित बजट पास हो गया है।
मेरठ, जेएनएन। Cantt Board Meeting छावनी परिषद में स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर अनमोल सूद की अगुवाई में शनिवार को हुई बोर्ड बैठक में 121 करोड़ का प्रस्तावित बजट पास हो गया है। इसमें तमाम ठेके व खर्च भी शामिल हैं। इसके साथ ही कैंट बोर्ड के कार्यकाल को छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। कैंट बोर्ड का कार्यकाल 13 जुलाई को समाप्त हो रहा था। अब 13 जुलाई के बाद से छह महीने और इसमें जुड़ जाएंगे। कैंट क्षेत्र में लगे मोबाइल टावरों में 10 के कागजात सही पाए जाने के बाद उनसे एग्रीमेंट कर सात दिनों में चालू करने को कहा जाएगा।
40 बिंदुओं को भी हरी झंडी
कैंट बोर्ड की बैठक में 6 फरवरी को हुई सीएसी की बैठक में पास हुए 40 बिंदुओं को भी हरी झंडी दिखा दी गई है। इसमें म्यूटेशन सहित अन्य बिंदु शामिल किए गए थे।। कैंट बोर्ड अस्पताल में संविदा पर रखे दो चिकित्सकों की सेवा फिलहाल खत्म कर दी गई है। इसमें डॉक्टर सत्येंद्र सांगवान और डॉक्टर जसमीत गुजराल हैं। डोर टू डोर सेवा को आगे बढ़ाते हुए छावनी परिषद ने दो साल के लिए ठेके को एक्सटेंड कर दिया है। यह 15..60 लाख रुपये सालाना का है।
टोल वसूली पर ठेकेदार को थोड़ी राहत
छावनी क्षेत्र में टोल वसूली को लेकर ठेकेदार को थोड़ी राहत दी गई है। सर्वे के अनुसार वाहनों की संख्या करीब 20 फीसद रह गई है। उसके अनुरूप ही प्रतिदिन ठेकेदार से 90 हजार शुल्क निर्धारित कर दिया गया है, जो पहले 4.21 लाख था। यह व्यवस्था छह मई से 31 मई तक के लिए की गई है। 31 मई के बाद लॉक डाउन अभी की तरह ही बढ़ने पर यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी। कुछ बदलाव होने पर तीन दिन सर्वे किया जाएगा और उसके अनुरूप बढ़ाया घटाया जाएगा। इसके साथ ही ठेकेदार ने टोल वसूली के लिए 11 जगहों पर जो भी चीजें बनाई हैं, उसके लिए 22 लाख रुपये का बिल दिया है। इसमें से कैंट बोर्ड ने 18 लाख रुपए पास किए हैं।
पार्किंग के ठेके को एक्सटेंड किया
छावनी में माल रोड सहित छह सड़कों के निर्माण के लिए 1.45 करोड़ का बजट पास किया गया है। इसके अलावा छावनी कार्यालय की मरम्मत के लिए भी बजट पास किया गया है। छावनी में लगे मोबाइल टावरों में 10 के कागजात सही हैं। उनसे एग्रीमेंट कर सात दिनों में चालू करने को कहा जाएगा। आठ जगहों पर पार्किंग के ठेके को एक्सटेंड कर दिया गया है।। यह ठेके करीब 20 लाख रुपए के हैं। 60 लाख की तहबाजारी को भी बजट में अनुमति मिल गई है। गांधीबाग की एंट्री फीस 16.80 लाख रुपए निर्धारित कर स्वीकृति दी गई है।