व्यापारियों ने लिया संकल्प, लोकतंत्र के पर्व पर जमकर करेंगे मतदान
इस बार होली के पर्व पर भी लोकतंत्र के त्योहार का रंग चढ़ा हुआ है। प्रत्याशी और समर्थक जहां जनसंपर्क में जुटे हैं वहीं होली के मेलजोल में चुनावी चर्चा हावी है।
मेरठ। इस बार होली के पर्व पर भी लोकतंत्र के त्योहार का रंग चढ़ा हुआ है। प्रत्याशी और समर्थक जहां जनसंपर्क में जुटे हैं वहीं होली के मेलजोल में चुनावी चर्चा हावी है। अहमद रोड पर बुधवार को दैनिक जागरण के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत हुई चर्चा में व्यापारियों ने जमकर मतदान कराने का संकल्प लिया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशु शर्मा ने कहा कि हमारे त्योहार हर साल आते हैं और हम उन्हें पूरे उत्साह से मनाते भी हैं। लेकिन लोकतंत्र का पर्व पांच वर्ष में आता है। उन्होंने व्यापारियों से 11 अप्रैल को होने वाले मतदान में जमकर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि इस बार प्रत्याशियों से व्यापारिक आयोग के गठन, जीएसटी के सरलीकरण जैसी मांगों को चुनावी घोषणापत्र में शामिल करने के लिए कहा जाएगा। अहमद नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अथर मंसूरी ने बताया कि कोई मतदाता छूटने न पाए इसके लिए हर व्यापारी प्रयास करेगा। दोस्तों और पड़ोसियों के परिवार एक साथ वोट डालने केंद्रों तक जाए। विजय राठी ने कहा कि सुबह नाश्ते के बाद सभी लोग बूथों की ओर निकल जाएं। मतदान के बाद ही दोपहर का भोजन करें। हालांकि पुराने शहर के बाजार होने के बावजूद जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से व्यापारी व्यथित दिखे। स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए व्यापारियों ने घंटाघर से छतरी वाले पीर और बच्चा पार्क तक जाम की स्थिति के बारे में बताया। मनजीत सिंह कोछड़ ने कहा कि अगर ई-रिक्शा पर अंकुश लग जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। दुकानदारों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस वाले दुकानों के आगे खड़े होने वाले वाहनों के टायर नुकीले पेचकस से पंचर कर रहे हैं। जिस पर अध्यक्ष आशु शर्मा ने रोष व्यक्त किया। गुलफाम खान, इब्राहीम ने बाजार में हल्की बारिश से होने वाले जलभराव का मुद्दा उठाया। परवेज, संजय शर्मा ने के पीछे गली में जर्जर बिजली के तारों मामला उठाया। शराफत, अकबर, शावेज, धर्मेद्र मलिक, हाजी इरशाद, महमूद, तंजीम, आदि मौजूद रहे।