विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कपड़ा व्यापारी से 32.61 लाख ठगे, जेट एयरवेज के नरेश गोयल के मनी लांड्रिंग केस से जुड़ा बताकर दिया झांसा

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 02 Mar 2026 01:45 PM (IST)

Meerut News: मेरठ के कपड़ा व्यापारी तिलकराज नरूला से साइबर ठगों ने 32.61 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने उन्हें ...और पढ़ें

इंसेट में पीड़ित व्यापारी तिलकराज नरूला।

इंसेट में पीड़ित व्यापारी तिलकराज नरूला।

HighLights

  1. आरोपितों ने पीड़ित की वीडियो कॉल पर फर्जी कोर्ट में पेशी भी कराई।

  2. ऐसे ही मामले में रिटायर्ड बैंक मैनेजर से भी हो चुकी है 68 लाख की ठगी

जागरण संवाददाता, मेरठ। साइबर ठगों ने कपड़ा व्यापारी तिलकराज नरूला को जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल से जुड़े 538.62 करोड़ की मनी लांड्रिंग केस में दोषी बताया। वीडियो काल पर जोड़कर फर्जी मुंबई हाईकोर्ट में कपड़ा व्यापारी की पेशी कराई गई।

आरोप लगाया कि कपड़ा व्यापारी ने बैंक एकाउंट की आइडी को दस प्रतिशत कमीशन पर नरेश गोयल को बेचा है। साथ ही उनके मोबाइल नंबर से पोर्न वीडियो बनाकर लड़कियों को ब्लैकमेल किया जा रहा है। तभी कपड़ा व्यापारी ने अपनी कैनरा बैंक की पांच एफडी तुड़वाकर साइबर ठगों के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 32 लाख 61 हजार की रकम ट्रांसफर करा दी।

सदर बाजार थाना क्षेत्र के सेंट मरीज स्कूल के पास करियप्पा स्ट्रीट में तिलकराज नरूला का परिवार रहता हैं। सदर बाजार में नरूला दुपट्टा के नाम से उनकी कपड़े की दुकान है। 27 फरवरी को उनके मोबाइल नंबर पर एक काल आई। कालर ने कहा कि उनके आधार कार्ड पर मुंबई में एक सिम खरीदा गया है।

उक्त मोबाइल नंबर से पोर्न वीडियो बनाकर लड़कियों को ब्लैकमेल किया जा रहा है। कालर ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। साथ ही कहा गया कि आधार कार्ड जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल से जुड़े 538.62 करोड़ की मनी लांड्रिंग केस से भी जुड़ा है। इसी आधार कार्ड पर मुंबई में एक बैंक में खाता खोला गया है।

उक्त खाते में 24 परिवारों की तरफ से दो करोड़ की रकम जमा कराई है। बैंक खाता नरेश गोयल को दस प्रतिशत कमीशन पर बेचा गया है। तिलकराज नरूला को बताया कि आपको कमीशन के 25 लाख रुपये मिल चुके हैं। दोपहर को करीब 12 बजे साइबर ठगों ने फर्जी मुंबई हाईकोर्ट के जज से वीडियो काल पर पेशी कराई।

उन्होंने तर्क दिया कि आपकी उम्र 80 साल होने की वजह से फीजिकल कस्टडी से मुक्त किया जाता है। सात दिनों तक तुमको सर्विलांस पर रखा जाएगा। ताकि सभी बैंक खातों की जांच की जा सके। दूसरे दिन काल आया कि जमानत के तौर पर 32.61 लाख की रकम जमा करो। उसके लिए इंडस बैंक मलांट मुंबई का खाता नंबर दिया।

पीडि़त ने कैनरा बैंक से अपनी पांच एफडी तुड़वाकर उक्त रकम की आइटीजीएस करवा दी। उसके बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला। पीड़ित ने साइबर थाने में एफआइआर दर्ज कराई। एसपी क्राइम अवनीश कुमार का कहना है कि मामले में विवेचना की जा रही है।

यह भी पढ़ें- रिटायर्ड बैंक मैनेजर से 68 लाख की ठगी, जेट एयरवेज के नरेश गोयल से जुड़े मनी लांड्रिंग केस में बताया दोषी

रिटायर्ड बैंक मैनेजर से भी हो चुकी है 68 लाख की ठगी

रोहटा रोड स्थित गाडविन गोल्डकस्ट कालोनी निवासी रिटायर्ड बैंक मैनेजर अनिल कुमार मित्तल से भी 68 लाख की ठगी की गई। साइबर ठगों ने उन्हें जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल से जुड़े 538.62 करोड़ की मनी लांड्रिंग केस में दोषी बताया।