नेपाल बार्डर तक चलेंगी मुरादाबाद डिपो की बसें Moradabad News
होली के दौरान मंडल की बसें नेपाल बार्डर तक दौड़ेंगीं। दिल्ली से पूर्वांचल देहरादून और आगरा रूट पर इन बसों के चलाने की तैयारी है।
मुरादाबाद। होली के दौरान मंडल की बसें नेपाल बार्डर तक दौड़ेंगीं। दिल्ली से पूर्वांचल, देहरादून और आगरा रूट पर इन बसों के चलाने की तैयारी है। पच्चीस बसें स्पेशल सेवा देंगी। मुरादाबाद डिपो के कर्मचारी यहां से आनंद विहार के कौशांबी डिपो पर तैनात रहेंगे।
रोडवेज प्रबंधन की इस तैयारी पर मुख्यालय से मुहर लगनी बाकी है। स्थानीय स्तर पर दिल्ली से गोरखपुर के बीच होली स्पेशल बसों का संचालन होगा। हालांकि इनमें अधिकतर बसें मुरादाबाद शहर के बाहर से ही निकलेंगी। बरेली, रामनगर, बदायूं रूट पर होली स्पेशल बसों का संचालन मुरादाबाद मुख्यालय से होगा। फरवरी माह के आखिरी सप्ताह में यह सेवा शुरू कर दी जाएगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल जैन का कहना है कि अभी बीते साल के अनुभव के आधार पर तैयारी की गई है। डिपो की पच्चीस बसें आनंद विहार से चलाई जाएंगी। होली के लिए गोरखपुर, सोनौली, आगरा और देहरादून रूट पर खास बसों का संचालन होगा।