मेरठ का नाम रोशन करें छात्र-छात्रा : मंडलायुक्त
छोटे बच्चे कच्चे घड़े की तरह से होते हैं। आप इन्हें जैसे चाहें वैसे बना सकते है। यह कहा मंडलायुक्त ने।
मेरठ, जेएनएन। छोटे बच्चे कच्चे घड़े की तरह से होते हैं। आप इन्हें जैसे चाहें, वैसे बना सकते हैं। बच्चों को अच्छे संस्कार और अच्छी परवरिश देकर अच्छा नागरिक बनाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश दिवस और राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने ये बातें कहीं। वे चौ. चरणसिंह विवि के सर छोटूराम इंजीनियरिग के एप्लाइड साइंसेस विभाग के आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।
यूपी दिवस पर आडिटोरियम में मुख्यमंत्री के भाषण का सजीव प्रसारण भी किया गया। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताया। कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी बचाओ अभियान के तहत अलग- अलग योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिए गए। कन्या सुमंगला योजना के 30 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। मातृत्व वंदना योजना, कौशल विकास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के 10-10 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र दिया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान, कला प्रतियोगिता, जूडो, कंप्यूटर के ओ लेबल कोर्स पूरा करने वाले लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। मंडलायुक्त ने सभी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे मेरठ का नाम रोशन करें, सरकार उन्हें हर कदम पर मदद करेगी। मंडलायुक्त ने अभिभावकों से अपील की कि वे बालिकाओं की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं। यूपी दिवस के शुभारंभ में जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह, किठौर विधायक सतवीर त्यागी, जिलाधिकारी अनिल ढींगरा भी रहे। संचालन नीता गुप्ता ने किया। परियोजना अधिकारी भानुप्रताप सिंह, उपमुख्य परिवीक्षा अधिकारी महेश कुमार कंडवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, आइटीआइ प्रधानाचार्य बनी सिंह चौहान, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अंजू चौधरी, विधि सह-परिवीक्षा अधिकारी श्रीती सगर सहित जिलेभर के छात्र- छात्राएं और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी का आयोजन
आडिटोरियम से बाहर प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग ने बालिका शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तीकरण के संबंध में प्रदर्शनी लगाई गई। जिला पंचायत राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, बाल विकास, पुष्टाहार, समाज कल्याण विभाग के अलावा 12 स्वयं सहायता समूहों की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें कई तरह के उत्पादों को रखा गया था। उसके विषय में लोगों को बताया गया।ब