Meerut Panchayat Chunav: पंचायत अध्यक्ष के नामों पर मंथन, संगठन को मिलेगी नई धार
Legislative Assembly Election 2022 संगठन को धार देने में जुटी भाजपा की नजरें पंचायतों पर भी हैं। 15 जुलाई तक अध्यक्ष पद के लिए हो जाएंगे चुनाव सुनील बंसल। संगठन में खाली पदों को भरेंगे दर्जनों नए अभियान शुरू।
मेरठ, जेएनएन। विस चुनाव 2022 को लेकर संगठन को धार देने में जुटी भाजपा की नजरें पंचायतों पर भी हैं। बहुमत न होने के बावजूद सभी जिलों में पार्टी का पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख बनाने की पटकथा तैयार की गई है, जिस पर शुक्रवार को प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने मुहर लगा दी। क्षेत्रीय कार्यालय में पश्चिम उप्र के 19 जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ बैठक में पंचायत अध्यक्षों की दावेदारी में जातिगत समीकरणों पर मंथन हुआ। प्रदेश इकाई ने आगामी विस चुनावों से पहले बड़ा होमवर्क भी दिया है।
बैठक में सुनील बंसल ने साफ किया कि संगठन के लिए हर पल महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश में कोविड संक्रमण के बीच सेवा ही संगठन अभियान संचालित कर कार्यकर्ताओं ने लोगों की मदद की। अब टीकाकरण में भी लोगों के साथ खड़े होंगे। दूसरा पहलू विस चुनावों को लेकर संगठन की तैयारी का है। बंसल ने कहा कि पंचायत अध्यक्षों व ब्लाक प्रमुखों का चुनाव मध्य जुलाई तक हो जाएगा। कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पार्टी का हर कदम 2022 की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों से कहा कि संगठन में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करें। मेरठ की जिला इकाई में दो महामंत्री, एक उपाध्यक्ष व एक मंत्री पद खाली है। सभी जिलों ने अपनी-अपनी सूची रखी। केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लोगों के बीच में प्रचारित करने को कहा।
बैठक में प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर, क्षेत्रीय प्रभारी जेपीएस राठौड़, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, पंकज सिंह व सुरेंद्र नागर और प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन, स्थानीय तौर पर जिलाध्यक्ष अनुज राठी, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, हरिओम शर्मा, विकास अग्रवाल, क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल बजरंगी, अंकुर राणा आदि उपस्थित थे।