सहारनपुर में किशोर और किशोरी के गोली लगे शव मिले, पुलिस कर रही जांच Saharanpur News
नागल थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर में रविवार सुबह एक खेत में किशोर व किशोरी के गोली लगे शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सहारनपुर, जेएनएन। नागल थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर में रविवार सुबह एक खेत में किशोर व किशोरी के गोली लगे शव मिलने से सनसनी फैल गई। किशोर की उम्र 16 वर्ष जबकि किशोरी की उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग और आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस कर रही तमाम बिंदुओं पर जांच
वहीं किशोर के स्वजन हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। उनका कहना है कि तमंचा एवं खाली कारतूस शवों से दूर पड़े थे। किशोर की चप्पल पास में ही रखी थीं जबकि किशोरी की चप्पल नहीं थी। किशोर के स्वजनों के मुताबिक किशोरी के कमर में गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। खेत में किशोर व किशोरी के शव मिलने के बाद गांव में तरह तरह की बातें भी हो रही हैं।