मेरठ के हर्रा गांव में कुरैशी परिवारों के बीच खूनी संघर्ष, तीन घायल
सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में शनिवार दोपहर बाद कुरैशी परिवारों के
मेरठ,जेएनएन। सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में शनिवार दोपहर बाद कुरैशी परिवारों के बीच मुखबीरी के शक में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से घरों की छतों पर एक-दूसरे पर पथराव किया और धारदार हथियार भी चले। जिसमें तीन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाया। जहां से एक को मेरठ रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तहरीर नहीं दी गई थी।
बता दें कि एक माह पूर्व हर्रा में अवैध रूप से कमेला संचालित होने की वीडियो वायरल हो गई थी। इस पर पुलिस ने कमेले को जेसीबी से दीवार तोड़कर नष्ट करा दिया था। कमेला बंद होने से कुरैशी परिवार एक-दूसरे पर पुलिस पर मुखबिरी करने का शक जाहिर कर रहे थे। शुक्रवार देर रात भी पुलिस ने फिर से घर पर दबिश दी थी। इसी के चलते शनिवार को सभासद नौशाद पुत्र अखलाक व साजिद पुत्र सईद के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग अपने घर की छत से पथराव करने लगे। इसके बाद धारदार हथियार भी चले। इस दौरान एक पक्ष से साजिद व उसका भाई एजाद घायल हो गया। वहीं, दूसरी तरफ से नौशाद का भाई फुरकान घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से एजाद को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि जांच कर दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रिश्तेदार पर हमला कर घायल किया
जागरण संवाददाता, सरधना: थाना क्षेत्र के छबड़यिा गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक पर रिश्तेदार ने जानलेवा हमले कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। वहीं, शनिवार को दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चलता रहा। गौरव पुत्र सतबीर ने बताया कि वह देर रात घर पर बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान रिश्तेदार आया और मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित रात को थाने पहुंचा और आरोपित के खिलाफ शिकायत की। शनिवार को दोनों पक्ष थाने पहुंचे। जहां, समझौते के प्रयास चलते रहे।