Move to Jagran APP

भाजपा कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान पर भाजपा का जोर

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को मर्यादा का पाठ पढ़ाते हुए उन्हें याचक न बनने की सलाह दी जबकि प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिए जा रहे महत्व का जिक्र किया।

By Nawal MishraEdited By: Published: Sat, 11 Aug 2018 09:37 PM (IST)Updated: Sat, 11 Aug 2018 09:41 PM (IST)
भाजपा कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान पर भाजपा का जोर
भाजपा कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान पर भाजपा का जोर

मेरठ(जेएनएन)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय की अगुवाई में कानपुर के बाद हुई दूसरी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को सबने तरजीह दी। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को मर्यादा का पाठ पढ़ाते हुए उन्हें याचक न बनने की सलाह दी जबकि प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिए जा रहे महत्व का जिक्र किया। स्वतंत्रता संग्राम और महाभारत के इतिहास को दोहराते हुए कुरुक्षेत्र की भूमि में कृष्ण और अर्जुन के बीच हुए संवाद के बहाने उन्होंने सीधे विपक्ष पर निशाना साधा। कहा कि जब सामने हिंसक प्रतिपक्ष खड़ा हो तब शिशुपालों का वध करना ही पड़ता है।

loksabha election banner

लोकसभा चुनाव लक्ष्य 

डा. पांडेय के अध्यक्ष बनने के बाद कानपुर में कार्यसमिति की बैठक में निकाय चुनाव पर फोकस था लेकिन, मेरठ की कार्यसमिति लोकसभा चुनाव को लक्ष्य कर बुलाई गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने सरकारी संगठनों और विभिन्न संस्थाओं में कार्यकर्ताओं के समायोजन की याद दिलाते हुए उनका मान बढ़ाया। कहा कि खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर यह कार्यसमिति अगले बड़े संघर्ष के लिए आयोजित की गई है। उन्होंने बसपा और सपा की पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोला। कहा, प्रदेश में पूर्व की बसपा और सपा सरकारों द्वारा मचाई गई लूट उजागर होने और जांच की कार्रवाई से बेचैन भ्रष्ट विपक्ष नकारात्मक हमले कर रहा है। प्रदेश में जब हमारी प्रचंड बहुमत की सरकार बनी थी तब विरासत में हमें भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, अराजकता, गुंडागर्दी, का वातावरण मिला था।

बेटियों को संपूर्ण सुरक्षा प्राथमिकता

योगी ने मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों पर कठोर कार्यवाही कर प्रदेश को भयमुक्त वातावरण का निर्माण किया। सामाजिक मान्यताओं, विषमताओं को मिटाने में अभी हमें और कार्य करना बाकी है। बेटियों को संपूर्ण सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता है। अनुशासन, राजधर्म की मर्यादा के साथ सुशासन लाकर सरकारों द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। हमारी यही कार्यशीलता 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबसे आगे लेकर जाएगी। अमित शाह ने 74 संसदीय सीटों को जीतने का लक्ष्य दिया है। हमें इस लक्ष्य को भी पार करना है। 

तीन किमी तक योगी पर बरसाए फूल

भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी का स्वागत कार्यकर्ताओं ने गुलाब के फूल बरसाकर किया। परतापुर हवाई पट्टी से ओवरब्रिज तक करीब तीन किलोमीटर तक कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री परतापुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर हवाई पट्टी पर निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से पहुंचे। यहां सुबह से ही कार्यकर्ता जमा थे। जैसे ही योगी का काफिला हवाई पट्टी से रवाना हुआ, सड़क पर डिवाइडर के पार खड़े लोगों ने पुष्प वर्षा शुरू कर दी। साथ ही योगी-मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। मुख्यमंत्री का काफिला आरएएफ गेस्ट हाउस पहुंचा। गेस्ट हाउस से कार्यक्रम स्थल जाते समय भी दो-तीन स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ फूलों की बरसात की। योगी के साथ कार में गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी सवार थे। 

बेंच के लिए लगाया जाम

जैसा कि अंदाजा लगाया जा रहा था हाई कोर्ट बेंच की मांग को अधिवक्ताओं ने जोर-शोर से उठाया। अधिवक्ता बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और बेगमपुल चौराहे को दो घंटे जाम रखा। अमित शाह का पुतला फूंका और गिरफ्तारी दी। पुलिस से अधिवक्ताओं की झड़प हुई। कार्यक्रम स्थल के गेट तक भी अधिवक्ता पुलिस की घेराबंदी तोड़कर पहुंच गए और हंगामा किया। हाई कोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति ने बेंच की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक का हर स्तर पर विरोध करने की घोषणा सप्ताहभर पहले ही कर दी थी। शनिवार सुबह पुलिस ने अधिवक्ताओं को कचहरी से बाहर निकलने से रोकने के लिए घेराबंदी कर ली थी। दूसरे जिलों के अधिवक्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया था। 

हर स्तर पर बुना सुरक्षा का चक्रव्यूह

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने आए गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा फूलप्रूफ रही। आतंकी इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई थी। जिस रास्ते से इनका काफिला गुजरा, वहां चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी लगाए गए थे। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि गृहमंत्री व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में शुरुआत में लगभग 1500 पुलिसकर्मी लगाए गए थे। शनिवार को जैसे ही हर स्थान पर समर्थकों की संख्या बढ़ती देखी तो 150 पुलिसकर्मी और लगाने पड़े। वहीं, खुफिया एजेंसियों ने इनपुट दिया था कि भाजपा की किसी भी बड़ी बैठक में योगी आदित्यनाथ व पीएम पर केमिकल अटैक हो सकता है। इसलिए सुरक्षा में एनएसजी कमांडो और एटीएस को भी लगाया गया था। गृहमंत्री व सीएम के साथ आए एनएसजी कमांडो के अलावा 15 कमांडो की एक टीम भी दिल्ली से बुलाई गई थी।

आरएएफ आइजी से सुरक्षा पर की चर्चा

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आरएएफ कैंपस में इस्तकबाल किया गया। यहां 28 मिनट रुकने के दौरान दोनों नेताओं ने पहले तीन मिनट तक आरएएफ अधिकारियों का परिचय लिया। दस मिनट तक बैठक को लेकर बातचीत की। इसके बाद उन्होंने देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा पर भी चर्चा की। राजनाथ सिंह ने कई बड़े दंगों को नियंत्रित करने पर आइजी आरएएफ अरुण कुमार को बधाई दी। अपराह्न 3.48 बजे गृहमंत्री और मुख्यमंत्री कैंपस में दाखिल हुए। वह सीधे अतिथि गृह गए, जहां आरएएफ के आइजी ने गुलाब के फूल भेंटकर कर उनका स्वागत किया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.