Move to Jagran APP

भाजपा 'मोदी मूवी' से लिखेगी जीत की पटकथा

प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर बनी फिल्म चलो जीते हैं बनेगी पार्टी के लिए प्रेरणास्रोत। भावनात्मक एजेंडे के जरिए मिशन-2019 में जुटी भाजपा।

By JagranEdited By: Published: Thu, 13 Sep 2018 10:47 AM (IST)Updated: Thu, 13 Sep 2018 10:47 AM (IST)
भाजपा 'मोदी मूवी' से लिखेगी जीत की पटकथा
भाजपा 'मोदी मूवी' से लिखेगी जीत की पटकथा

मेरठ। फिल्मी पर्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष की कहानी भाजपा के लिए संजीवनी बनेगी। चुनावी मौसम का रुख भांपते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए उन्हें मोदी पर बनी फिल्म दिखाएगी। दिवंगत दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी की याद में काव्य संध्या का आयोजन कर पार्टी भावनात्मक कार्ड भी खेलेगी। इसके अलावा पउप्र में चौ. महेंद्र टिकैत समेत कई अन्य दिग्गजों के नाम पर सड़क बनाकर भाजपा आम लोगों की भावनाओं तक पहुंचने की कवायद में जुटेगी।

loksabha election banner

गांवों तक पहुंचेगी अटल काव्यधारा

चुनावी घटा के साथ भाजपा ने तैयारियों की छतरी खोलनी शुरू कर दी है। सपा-बसपा की एकजुटता ने भाजपा की जीत की राह संकरी कर दी है। पार्टी ने ताबड़तोड़ बैठकों के साथ ही भावनात्मक तड़का तेज कर दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन को एक माह पूरा होने पर 16 सितंबर को हर विस क्षेत्र में काव्यांजलि कार्यक्रम के लिए बड़े कवियों से संपर्क साधा जा रहा है। इस दौरान अटल की कविताओं का भी पाठ होगा। इसके माध्यम से जनसंपर्क का प्रयास होगा। 17 सितंबर को मोदी के जन्म दिवस पर उनके जीवन पर बनी मूवी 'चलो जीते हैं' दिखाई जाएगी। 25 सितंबर को पार्टी अपने पुरोधा पंडित दीन दयाल की जयंती को सेवा सप्ताह के रूप में मनाएगी।

इस दौरान हर मंडल में चिकित्सा कैंप लगाकर लोगों के बीच पहुंचने की योजना है। इसी बहाने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत स्कीम का भी प्रचार किया जाएगा। 29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक किया था। इस दिवस को पार्टी शौर्य दिवस के रूप में मनाएगी। 25 सितंबर से दो अक्टूबर यानी गांधी जयंती तक मतदाताओं की सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा। 15 सितंबर से दो अक्टूबर तक हर कार्यकर्ता को नियमित रूप से एक से दो घंटे तक स्वच्छता अभियान चलाने के लिए कहा गया है। इस बहाने जहां कार्यकर्ताओं को नया होमवर्क मिलेगा, वहीं 2019 लोकसभा चुनावों की जमीन भी तैयार होगी।

सुनील बंसल ने दिया तैयारी का मंत्र

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने बुधवार को गाजियाबाद में क्षेत्रीय इकाई की बैठक में तमाम कार्यक्रमों की रूपरेखा पेश की। 15 सितंबर से दो अक्टूबर तक कार्यक्रमों का विवरण जारी किया। हर बूथ जीतना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्विनी त्यागी व संचालन मुंशीलाल गौतम ने किया। क्षेत्रीय प्रभारी विजय बहादुर पाठक, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, नवाब सिंह नागर, जसवंत सिंह सैनी, वाईके सिंह, अशोक मोगा, संजीव सिक्का, डीके शर्मा, हरवीर मलिक, मयंक गोयल, अजय शर्मा व बिजेंद्र अग्रवाल समेत कई अन्य थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.