Move to Jagran APP

जाटों का सियासी ओहदा बुलंद रखेगी भाजपा, महापुरुषों के नाम पर लाएगी योजना

कैराना उपचुनावों में चौ. अजित सिंह एक बार फिर जाटों में पकड़ बढ़ाते नजर आए, जिसने भाजपा की चुनौती बढ़ा दी है।

By Ashu SinghEdited By: Published: Sat, 22 Sep 2018 04:05 PM (IST)Updated: Sat, 22 Sep 2018 04:05 PM (IST)
जाटों का सियासी ओहदा बुलंद रखेगी भाजपा, महापुरुषों के नाम पर लाएगी योजना
जाटों का सियासी ओहदा बुलंद रखेगी भाजपा, महापुरुषों के नाम पर लाएगी योजना

मेरठ (संतोष शुक्‍ल)। पश्चिमी उप्र की सियासत में भाजपा जाटों का ओहदा और मजबूत करेगी। जाटों के साथ पार्टी न सिर्फ भावनात्मक तार जोड़ेगी, बल्कि आरक्षण के मसले पर भी उनके दिल में उतरने की कवायद तेज हो गई है। जाट समाज के शीर्ष पुरुषों के नाम पर योजनाएं शुरू करने के साथ ही किसानों से कनेक्ट बढ़ाया जाएगा। बता दें कि कैराना उपचुनावों में चौ. अजित सिंह एक बार फिर जाटों में पकड़ बढ़ाते नजर आए, जिसने भाजपा की चुनौती बढ़ा दी है।

loksabha election banner

दंगों में थामा उनका हाथ

लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुटी भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग के साथ गहन मंथन कर रही है। कार्यकर्ताओं से बेहतर कनेक्ट रखने वाले केशव प्रसाद मौर्य को पिछड़ों को एक छत के नीचे लाने की कमान दी गई है। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों की याद दिलाते हुए जाटों का हाथ थामा। कहा कि तत्कालीन सरकार ने ऐसे लोगों को फंसाने का प्रयास किया, जिनका कोई गुनाह ही नहीं था। भाजपा हमेशा बेगुनाहों के साथ खड़ी होगी। उधर, कड़ी में प्रजापति, लोधी, नाई, कश्यप एवं यादव समेत तमाम पिछड़ी जातियों के साथ बैठक हो चुकी है। ऐसी 40 जातियों एवं उपजातियों के साथ सम्मेलन की योजना है। ओबीसी भाजपा का बड़ा वोटबैंक माना जाता है। इसमें पश्चिमी उप्र में चुनावी गणित प्रभावित करने वाली जातियों पर पार्टी का बड़ा फोकस है।

जाटों की जंबो टीम

बीते मंगलवार को लखनऊ में आयोजित जाट सम्मेलन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी शिरकत कर इसका महत्व जता दिया। उन्होंने चौ. चरण सिंह के योगदान की प्रशंसा करते हुए जाटों को आरक्षण के बहाने साधने का दांव खेला है। कार्यक्रम के संयोजक बनाए गए प्रदेश मंत्री एवं मेरठ के देवेंद्र सिंह का कहना है कि 17 जिलों में जाट मतदाता जीत-हार की दिशा तय करता है। पार्टी ने 14 विधायक एवं पांच सांसद देकर इस वर्ग का ओहदा बढ़ाया है। बागपत सांसद एवं केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह, राज्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह व कैबिनेट मंत्री मथुरा के लक्ष्मीनारायण सिंह समेत सभी विधायक शामिल थे।

शीर्ष पुरुषों को सम्मान

पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में पार्टी का नेतृत्व कर रहे डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने गत दिनों चौ. चरण सिंह एवं चौ. महेंद्र सिंह टिकैत के नाम पर सड़क निर्माण व अन्य योजनाओं की घोषणा की थी। इसी कड़ी में अब सर छोटूराम, भरतपुर के राजा सूरजमल, नेताजी सुभाषचंद्र बोस के सहयोगी रहे राजा महेंद्र प्रताप सिंह जैसे शीर्ष पुरुषों के नाम पर भी बड़ी घोषणा करने की योजना है।

क्या कहते हैं डिप्टी सीएम

जाटों ने देश की संस्कृति, अस्मिता एवं गौरव की हमेशा रक्षा की है। इस वर्ग के तमाम शीर्ष पुरुषों जैसे चौ. चरण सिंह एवं महेंद्र सिंह टिकैत समेत कई अन्य ने समाज को दिशा दी है, जिनके नाम पर भाजपा योजनाएं शुरू करेगी। मुजफ्फरनगर दंगों जैसा वाकया कतई नहीं होने दिया जाएगा।

-केशव प्रसाद मौर्य, उप-मुख्यमंत्री  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.