Bijnor: निकाय चुनाव में 33 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी भाजपा, बिजनौर में बोले प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह
बिजनौर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों से मिलकर रणनीति बनाई। कहा कि वर्ष 2017 में 16 नगर निगम थे जिसमें 14 में भाजपा जीती थी। इस बार पार्टी नए नगर निगम शाहजहांपुर समेत सभी में जीत दर्ज करेगी।
बिजनौर, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने मंगलवार को बिजनौर में कहा कि इस बार पार्टी सभी 17 नगर निगमों पर अपना महापौर बनाएगी। चेयरमैन और सभासद पद का चुनाव भी भाजपा के सिंबल पर लड़ा जाएगा। निकाय चुनावों को महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटों पर उतारा जाएगा। अगर जिताऊ महिला प्रत्याशी मिली तो यह प्रतिशत बढ़ भी सकता है।
2024 में भाजपा सभी सीटे जीतेगी
पत्रकार वार्ता में भूपेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 में 16 नगर निगम थे, जिसमें 14 में भाजपा जीती। इस बार पार्टी नए नगर निगम शाहजहांपुर समेत सभी में जीत दर्ज करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा 64 सीटें जीती थी। अब 2024 में भाजपा सभी सीटे जीतेगी। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि एमएलसी स्नातक और निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत, सरकार के काम और जनता का प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी के प्रति भरोसा जीत की वजह बनेगा।
कार्यकर्ताओं से चुनावों में जुटने को कहा
उधर प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एमएलसी स्नातक और निकाय चुनावों में जुटने के लिए कहा। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेन्द्र तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह, सदर विधायक सुचि चौधरी, विधायक धामपुर अशोक राणा, विधायक बढ़ापुर सुशान्त सिंह, विधायक नहटौर ओमकुमार, जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, ब्लाक प्रमुख बिजेन्द्र सिंह, आकांक्षा चौहान, उज्जवल चौहान, दीपक गर्ग आदि मौजूद थे।
कई स्थानों पर हुआ स्वागत
भूपेंद्र सिंह मंगलवार को भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सैनी उर्फ बेबी के आवास पर पहुंचे और उनके पिता मुन्ना लाल सैनी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके बाद आरवी इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलोजी पहुंचे, जहां संस्थान के चेयरमैन अरविंद कुमार, वाइस चेयरमैनन देवेंद्र कुमार, प्रबंध निदेशक सन्नी देशवाल, निदेशक डा. हितेश कुमार, रजिस्ट्रार विपिन कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
अस्पताल और जिला पंचायत कार्यालय का लोकार्पण
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने रिंग रोड पर नवनिर्मित हीलर्स अस्पताल का शुभारंभ किया। अस्पताल के चिकित्सक डा. नीरज चौधरी के अनुसार इस अस्पताल के शुरू होने के बाद गंभीर रोगियों को इलाज के लिए मेरठ, दिल्ली, जौलीग्रांट और मुरादाबाद नहीं जाना पड़ेगा। इसके बाद भूपेंद्र सिंह ने जिला पंचायत कार्यालय का लोकार्पण किया।