भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया कार्यकर्ता संवाद
भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी की अध्यक्षता में गुरुवार को क्षेत्रीय कार्यालय हरमन सिटी में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
मेरठ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी की अध्यक्षता में गुरुवार को क्षेत्रीय कार्यालय हरमन सिटी में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय व महानगर के पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही आयोजन समिति का गठन हुआ। अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को मोर्चा के प्रभाव को बढ़ाने के लिए विभिन्न दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता चुनाव लड़ेगा वही आगे बढ़ेगा। अब प्रदेश के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने की तैयारी करनी चाहिए। मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रिजवान खान मीर ने कहा कि पार्टी के पास दूसरे दलों की अपेक्षा योग्य कार्यकर्ता हैं, जिन्हें प्रशिक्षित कर मैदान में उतारा जाए तो यह पार्टी को एक बड़ा वोट बैंक देने में समक्ष होंगे। इस दौरान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद ने बैठक में आए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। हालांकि कई जिलाध्यक्ष इस बैठक में शामिल नहीं हुए। इससे बैठक में अपेक्षाकृत भीड़ कम नजर आई। बैठक को लेकर इस बात की चर्चा बनी रही।
'राजनीति से मुक्त होनी चाहिए शिक्षा व्यवस्था'
महामना मालवीय शोध संस्थान गढ़ रोड में मालवीय जयंती की पूर्व संध्या पर महामना का योगदान विषय पर एक संगोष्ठी हुई। इसमें वक्ताओं ने मालवीय जी के योगदान को याद किया।
मुख्य वक्ता सीसीएसयू में अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर विकास शर्मा ने कहा कि मालवीय जी से हमें यही शिक्षा मिलती है कि आज हम उच्च शिक्षा व शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करें। शिक्षा व्यवस्था को राजनीति से मुक्त करें। दीपक ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि शिक्षा के बिना विकास संभव नहीं है। एडवोकेट ओमदत्त शर्मा ने कहा कि हमें अपने अंदर के ज्ञान को सामने लाना चाहिए तभी मालवीय जी का सपना पूरा होगा। संयोजक धर्मेंद्र शर्मा ने मालवीय जी के जीवन पर प्रकाश डाला। मालवीय शोध संस्थान के सचिव डा. केके शर्मा ने कहा कि मालवीय जी ने चौरीचौरा कांड के 153 लोगों को फांसी से बचाया था। उस समय के चीफ जस्टिस ने उनकी ज्ञान से प्रभावित होकर अपनी कुर्सी से उठकर उन्हें अभिनंदन भी किया था। उन्होंने मदन मोहन मालवीय के जीवन को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने की बात कही। अध्यक्षता एनएएस कालेज प्रबंध समिति के सचिव राजेंद्र शर्मा ने की। रवि दत्त शर्मा, धर्मवीर, कपिल, प्रेम कुमार शर्मा, प्रमोद कुमार आदि उपस्थित रहे।