BL Santosh In Meerut : पश्चिमी उप्र का मिजाज परखने मेरठ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष का मेरठ दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। यह माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े कई मुद्दों पर अहम चर्चा होगी। किसान आंदोलन से लेकर राजनीति में धर्म और संस्कृति की मजबूती को लेकर चर्चा हो सकती है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनावों से पहले पश्चिमी उप्र में भाजपा खास होमवर्क करने में जुट गई है। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष शनिवार सुबह मेरठ पहुंचे और शंकर
आश्रम में संघ प्रचारकों के साथ लंबी बैठक की। उनका सोशल मीडिया सेल और अंत में विधानसभा प्रभारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा का भी कार्यक्रम है।
बीएल संतोष का मेरठ दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद वह पहली बार पश्चिमी उप्र के दौरे पर हैं। शनिवार को बीएल संतोष का दौरा निर्धारित किया गया, जिसमें अंतिम क्षणों में उन्होंने तब्दीली की, और अचानक संघ कार्यालय पहुंच गए। सोशल मीडिया और आइटी सेल से पहले संघ के प्रचारकों के साथ देर तक बैठक की, जिसमें किसी भाजपाई को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। माना जा रहा है कि विस चुनाव 2022 से जुड़े कई मुद्दों पर अहम चर्चा होगी। किसान आंदोलन से लेकर राजनीति में धर्म और संस्कृति की
मजबूती को लेकर चर्चा हो सकती है।
71 विस चुनाव प्रभारियों के साथ करेंगे बैठक
पश्चिमी उप्र को सूबे की राजनीति में प्रयोगशाला माना जाता है, जिसे भाजपा मजबूत रखना चाहेगी। 2014 लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को भारी सफलता मिली थी। पार्टी इसे 2019 लोकसभा चुनावों में भी दोहरा चुकी है, लेकिन मुरादाबाद मंडल में भाजपा कोई सीट नहीं जीत सकी थी। बीएल संतोष यहां की राजनीतिक आबोहवा को परखेंगे। दोपहर बाद पश्चिमी उप्र के सात सांसदों एवं 71 विस के चुनाव प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। कई जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है, लेकिन कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भीड़ को रोका गया है। उधर, इससे पहले करीब एक माह पूर्व बीएल संतोष हरिद्वार से वापस दिल्ली जाते समय चंद मिनट के लिए क्षेत्रीय कार्यालय आए थे, जहां प्रदेश महामंत्री व एमएलसी अश्विनी त्यागी और प्रदेश
सह-संगठन महामंत्री कर्मवीर ने उनका स्वागत किया था।