भाजपा नेता संजय अग्रवाल के बड़े भाई अजय अग्रवाल ने की खुदकशी, परिवार में मचा कोहराम
मुजफ्फरनगर सिविल लाइन स्थित अपने आवास पर भाजपा नेता संजय अग्रवाल के बड़े भाई अजय अग्रवाल ने रिवाल्वर से अपना भेजा उड़ाया। तनावग्रस्त रहने की है चर्चा।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। भाजपा नेता व आरएसएस में महत्वपूर्ण भूमिका रखने वाले संजय अग्रवाल के बड़े भाई 55 वर्षीय अजय अग्रवाल ने अपने घर पर ही आत्महत्या कर ली। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, विधायक उमेश मलिक, भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता घर पर पहुंचे। अजय अग्रवाल पूर्व विधायक सुशीला अग्रवाल के भतीजे थे।
सिविल लाइन कॉलोनी में ट्रांसपोर्ट कारोबारी अजय अग्रवाल पुत्र निहाल चंद का निवास स्थान है। बुधवार रात करीब 9:30 बजे पहली मंजिल पर अचानक से लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। परिवार के लोग छत की ओर दौड़े तो वहां अजय अग्रवाल का लहुलूहान शव पड़ा था। जानकारी मिलते ही बराबर वाले मकान में रह रहे उनके छोटे भाई भाजपा नेता संजय अग्रवाल भी पहुंच गए। सीओ सिटी हरीश भदौरिया, प्रभारी निरीक्षक थाना सिविल लाइन डीके त्यागी सहित फॉरेंसिक लैब एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने बताया कि अजय अग्रवाल के पास एक रिवाल्वर बरामद हुआ है। सूत्रों की मानें तो उसी रिवाल्वर से उन्होंने अपने सिर में गोली मारी है। फॉरेंसिक लैब एक्सपर्ट ने घटनास्थल से सुबूत एकत्र किए हैं। मौके से एक खोखा व एक गोली भी बरामद हुई है। पुलिस जांच में जुटी है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है। 55 वर्षीय अजय अग्रवाल के छोटे भाई संजय अग्रवाल नगर पालिका परिषद का चुनाव भी भाजपा के टिकट पर लड़ चुके हैं। अजय अग्रवाल के अचानक खुदकुशी करने से परिवार में कोहराम छा गया।
बघरा के थे मूल निवासी
अजय अग्रवाल बघरा के मूल निवासी थे। इनके पिता निहाल चंद का क्षेत्र में खासा रसूख था। अजय के एक बेटा व एक बेटी है। बताया जा रहा है कि अजय अग्रवाल मिलनसार प्रवृति के इंसान थे, लेकिन कुछ दिनों से वह तनाव में चल रहे थे।