Farmers Protest: रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह का बड़ा बयान, बोले- किसान आंदोलन में हिंसा करा सकती है सरकार
रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने किसानों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की। कहा कि सरकार अपने शरारती तत्वों से आंदोलन में हिंसा करा सकती है इसलिए किसानों को अहिंसक रहते हुए कड़ी नजर रखनी होगी।
बागपत, जेएनएन। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने किसानों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की। कहा कि सरकार अपने शरारती तत्वों से आंदोलन में हिंसा करा सकती है, इसलिए किसानों को अहिंसक रहते हुए कड़ी नजर रखनी होगी। इसके लिए सभी किसान नेताओं और किसान भाइयों को एकजुट रहकर कड़ी नजर बनाए रखने की जरुरत है।
चौ. अजित सिंह के निजी सचिव समरपाल सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनका बयान जारी किया है। जारी बयान में चौ. अजित सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों को विश्वास में लिए बिना तीनों नए कृषि कानून संसद में आनन-फानन में पारित किए हैं। इसे लेकर कोई तैयारी नहीं की गई। अजित सिंह ने बोला कि सरकार किसानों के बारे में नहीं सोच रही है। वह किसानों के हित में नहीं है। आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार से किसान को खतरा है, वह कभी भी आंदोलन में हिंसा करवा सकती है।
भटका रही सरकार
अब किसान संगठन तीनों कृषि कानून निरस्त कर नया कानून लाने की मांग कर रहे हैं। ऐसी क्या बात है कि जो सरकार को किसानों की मांग मानने से रोक रही है। उन्होंने कहा कि 47 दिन से किसान अपना घर छोड़कर शीतलहर में दिल्ली की सीमाओं पर पड़े हैं। सरकार इन किसानों को झूठे आश्वासनों का झुनझुना थमाकर बहलाना और बहकाना चाहती है। किसानों की परीक्षा की घड़ी है। उन्हें अहिंसक रहकर अपनी मांगों पर डटे रहना है।
दिल्ली बार्डर पर डटे हुए हैं किसान
कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जाकर बार्डर पर डटे हुए हैं। प्रदर्शन के 47 दिन बीत जाने के बाद भी अभी कृषि कानून पर कोई रास्ता नहीं निकल पाया है। इसे लेकर सरकार और किसानों के बीच कई बार वार्ता भी हो चुकी है, पर अभी कोई समाधान नहीं निकला है। हालकि कोर्ट ने इस मामले में दखल दी है जिसपर अभी सुनवाई बाकी है।