विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टी-20 मुकाबला : अर्शदीप के चोटिल होने पर भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 17 Oct 2026 05:30 AM (IST)

भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज के अंतिम मुकाबले से पहले अर्शदीप सिंह की चोट के कारण भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी हुई ह

भुवनेश्वर कुमार।

भुवनेश्वर कुमार।

HighLights

  1. अर्शदीप की चोट के कारण भुवनेश्वर कुमार की वापसी।

  2. भुवनेश्वर कुमार चार साल बाद भारतीय टीम में लौटे।

  3. मेरठ की रिया भाटी का घरेलू टी-20 में शानदार प्रदर्शन।

जागरण संवाददाता, मेरठ। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांचवें और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया गया है। वह चोटिल अर्शदीप सिंह की जगह लेंगे। अर्शदीप को हैदराबाद में खेले गए चौथे टी-20 मुकाबले के दौरान गेंदबाजी करने वाले हाथ और कंधे में चोट लगी थी।

भुवनेश्वर कुमार की वापसी को भारतीय क्रिकेट के लिए अहम माना जा रहा है। वह आखिरी बार वर्ष 2022 में भारतीय टीम की ओर से खेले थे। ऐसे में करीब चार साल बाद राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी ने क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान खींचा है। अपने अनुभव, स्विंग गेंदबाजी और शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले भुवनेश्वर से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले निर्णायक मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार को अंतिम एकादश में मौका मिलेगा या नहीं, यह उनकी फिटनेस जांच के बाद तय होगा। टीम प्रबंधन मैच से ठीक पहले उनकी उपलब्धता और फिटनेस का आकलन करेगा। टीम में शामिल होना और अंतिम एकादश में खेलना अलग-अलग स्थितियां हैं, इसलिए उनकी मैदान पर वापसी को लेकर अंतिम फैसला फिटनेस के आधार पर होगा।

भुवनेश्वर कुमार के लिए बेंगलुरु का एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम परिचित मैदान है। वह इंडियन प्रीमियर लीग में रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभव के साथ इस मैदान से उनकी परिचितता भी चर्चा में है। भारत के लिए पांचवां टी-20 मुकाबला सीरीज का अंतिम मैच होगा। दोनों टीमें दो-दो की जीत के साथ बराबरी पर हैं। इसलिए भी पांचवां मैच महत्वपूर्ण है जिसमें भुवनेश्वर कुमार डिफरेंस पैदा कर सकते हैं।

उत्तर प्रदेश के लिए जारी है रिया की विनिंग पारी
मेरठ : बीसीसीआइ की घरेलू क्रिकेट श्रंखला में उत्तर प्रदेश की महिला अंडर-19 टीम भी टी-20 में दमदार प्रदर्शन कर रही है। उप्र की टीम में मेरठ की बल्लेबाज रिया भाटी की लगातार विनिंग पारी जारी है। पिछले सप्ताह पंजाब के खिला रिया भाटी ने शानदार 106 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को मैच जिताया था।

टी-20 मैच में रिया ने 61 गेंद पर 21 चौके जड़ते हुए यह शतक पूरा किया था। उसी लय को कायम रखते हुए रिया ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के खिलाफ भी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। रिया ने टीम के लिए 58 गेंद खेलकर 10 चौकों के साथ 62 रनों की दमदार पारी खेली। उत्तर प्रदेश टीम ने आंध्र प्रदेश को इस मैच में छह रनों से हराकर बढ़त कायम रखी है। उततर प्रदेश टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 141 रन बनाए थे। आंध्र प्रदेश टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 135 रन ही बना सकी।