बागपत के निवाड़ा में चुनावी रंजिश में गोलीबारी, प्रधान के जेठ की हत्या, दोनों पक्षों से पांच घायल
रंजिश के चलते जिले के ग्राम निवाड़ा में शनिवार को आरोपित ने साथियों के साथ मिलकर प्रधान के घर में घुसकर हमला कर दिया। हमले के दौरान प्रधान के जेठ की हत्या कर दी गई।
बागपत, जेएनएन। प्रधानी चुनाव का बिगुल बजने से पहले ही निवाड़ा गांव में खूनी बवाल हो गया। ताबड़तोड़ फायरिंग, पथराव व धारदार हथियारों से हुए हमले में ग्राम प्रधान के जेठ की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि जेठानी समेत तीन घायल हो गए। दूसरे पक्ष से भी महिला समेत दो लोग घायल हुए। इस मामले में पूर्व प्रधान के तीन पुत्र समेत 23 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
निवाड़ा गांव में चार दिन पहले प्रधान पद के चुनाव के लिए सोशल मीडिया पर सर्वे करने को लेकर वर्तमान ग्राम प्रधान जुलेखा बेगम के परिवार की पूर्व प्रधान मंगते पक्ष के जुम्मा से विवाद हो गया था। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में बीच-बचाव करा दिया था। शनिवार सुबह करीब नौ बजे प्रधान जुलेखा के जेठ निसार, हारुन, चचिया ससुर अंगूर, देवर महकार व इखलाक परिवार के सदस्य उम्मेद के घर से अपने घर जा रहे थे।
इस दौरान रास्ते में विपक्षियों ने राइफल, पिस्टल, तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें गोली लगने से निसार की मौत हो गई, जबकि अंगूर, महकार व निसार की पत्नी अफसरी घायल हो गई। दूसरे पक्ष से आफताब व नफीसा घायल हो गईं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महकार की हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे मेरठ मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। पथराव में एक कार व एक बाइक क्षतिग्रस्त हुई।
एडीएम अमित कुमार सिंह व एएसपी अनिल सिंह सिसौदिया ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीडि़त पक्ष ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल परिसर में पुलिस अफसरों को खरी-खोटी सुनाई। एएसपी ने पीडि़त पक्ष को कार्रवाई का आश्वासन दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई है।
ये हुए नामजद
प्रधान जुलेखा बेगम के जेठ हारूण की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान स्वर्गीय मंगते के बेटे इस्लामू, इबने, भूट्टू के अलावा सुहैल, तोहिद, छोटे, इस्तेकार, जुम्मा, फारूख, महताब, लालू, नोमान, इकरामू, जमील, साबू, बाबू, मुसीर, निजामू, जब्बार, रफीक, गुलबहार व कय्यूम आदि पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
यमुना-खादर से पकड़े पांच आरोपित
वारदात के बाद पुलिस ने यमुना के रास्ते हरियाणा भागने की फिराक कर रहे आरोपित इस्तेकार, मोमीन, छोटे और कालू को यमुना खादर से पकड़ लिया। आरोपित अफजाल तैरकर यमुना के दूसरे छोर पर चला गया था, जहां से पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसकी पुष्टि कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने की है।