दिवाली पर बद्दो आया तो बचकर नहीं जाएगा
दीपावली पर बदन सिंह बद्दो के मेरठ में अपने गुर्गो से संपर्क करने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मेरठ, जेएनएन। दीपावली पर बदन सिंह बद्दो के मेरठ में अपने गुर्गो से संपर्क करने का अनुमान लगाया जा रहा है। खुफिया रिपोर्ट के बाद बद्दो के सहयोगी, फाइनेंसर और जमानती पुलिस की रडार पर आ गए हैं। पुलिस यह भी नजर रख रही है कि बद्दो के गुर्गे किस-किस के संपर्क में हैं। इस काम में एसटीएफ की मेरठ यूनिट को भी लगाया गया है।
सवा साल पहले बदन सिंह बद्दो गाजियाबाद पेशी से मेरठ आया था। यहां होटल मुकुट महल से वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। तब से उसकी तलाश में तमाम सुरक्षा एजेंसियां जुटी हुई हैं। कानपुर के बिकरू कांड के बाद बद्दो मेरठ पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शीर्ष पर है। बद्दो को अपराध माफिया घोषित किया जा चुका है। उसकी नामी और बेनामी संपत्ति की भी जांच की गई। पुलिस के खुफिया विभाग की रिपोर्ट में सामने आया है कि बदन सिंह बद्दो त्योहार पर शहर के अपने अजीज लोगों से संपर्क करेगा। उसके सहयोगी जनपद से बाहर उससे मिलने भी जा सकते हैं।
इन्होंने कहा-
बदन सिंह बद्दो और उसके सहयोगियों पर निगरानी के लिए एएसपी कृष्ण विश्नोई के नेतृत्व में टीम लगा दी है। कोई भी इनपुट मिला तो एसटीएफ एवं अन्य एजेंसियों से साझा किया जाएगा।
अजय साहनी, एसएसपी