विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: मेरठ में आवास विकास का कर्मचारी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार, अन्य मामले में कैंट बोर्ड के नामित सदस्य को मिली जमानत

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 15 Sep 2026 02:55 PM (IST)

Meerut News: मेरठ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान आवंटन के नाम पर 6000 रुपये की रिश्वत लेने के ...और पढ़ें

HighLights

  1. शिकायत के बाद एंटीकरप्शन टीम ने जाल बिछाकर रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।

  2. अन्य मामले में कैंट बोर्ड पूर्व सदस्य डॉ. सतीश शर्मा को हाईकोर्ट से मिली जमानत।

जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान का आवंटन कराने के नाम पर रिश्वत मांगना आवास विकास के आउटसोर्सिंग कर्मचारी को भारी पड़ गया। मेरठ एंटीकरप्शन यूनिट की टीम ने छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपित अभिनव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि अभिनव शर्मा पीएम आवास योजना के मकान के आवंटन के बदले छह हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के बाद एंटीकरप्शन टीम ने मामले का सत्यापन किया और जाल बिछाकर उसे रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद एंटीकरप्शन यूनिट की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

तीन लाख की रिश्वत के मामले में मेरठ कैंट बोर्ड के नामित सदस्य को मिली जमानत

मेरठ। कैंट बोर्ड के पूर्व मनोनीत सदस्य डाॅ. सतीश शर्मा को हाईकोर्ट से जमानत मिल गयी है। उन्हें डासना जेल से रिहा कर दिया गया है । 

30 मई को गांधी बाग के ठेके को लेकर ठेकेदार विक्की कश्यप द्वारा सीबीआई से शिकायत की गई थी। सीबीआई की गाजियाबाद ब्रांच द्वारा जाल बिछाकर डाॅ. सतीश शर्मा को ठेकेदार के दिये रुपये 3 लाख के साथ उनके निवास अंसल टाउन मेरठ से गिरफ्तार किया गया था और उसके उपरांत उन्हें सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया था।

अदालत ने उन्हें डासना जेल भेज दिया था, तब से वो डासना जेल में ही थे। गत 5 अगस्त को सीबीआई कोर्ट द्वारा उनकी जमानत याचिका को भी खारिज कर दिया था, जिसपर अब हाईकोर्ट में अपील की गई थी।

गौरतलब है कि सीबीआई द्वारा डाॅ. सतीश शर्मा की गिरफ्तारी की सूचना को कैंट बोर्ड मेरठ द्वारा कैंट बोर्ड अध्यक्ष स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर संजीव कुमार सिंह को अवगत करवाने के उपरांत बोर्ड द्वारा उन पर कैंट एक्ट की धारा 34 के अंतर्गत कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी थी और रक्षा मंत्रालय द्वारा उनकी कैंट बोर्ड की मनोनीत सदस्यता समाप्त कर दी थी ।