घुड़सवारी प्रतियोगिता में आशीष वन-स्टार तो विश्वनाथ टू-स्टार में आगे
आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज में चल रही घुड़सवारी प्रतियोगिता के अंतरराष्ट्रीय स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता सीसीआइ वन-स्टार व टू-स्टार में मंगलवार को क्रॉस कंट्री हुई।
मेरठ । आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज में चल रही घुड़सवारी प्रतियोगिता के अंतरराष्ट्रीय स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता सीसीआइ वन-स्टार व टू-स्टार में मंगलवार को क्रॉस कंट्री हुई। सुबह अधिक कोहरा होने के कारण क्रॉस कंट्री समय से शुरू नहीं हो सकी। आठ बजे के स्थान पर इवेंट सुबह सवा 11 बजे से शुरू हुआ। ठंड और हवाओं के बीच घुड़सवार पूरे जोश के साथ उतरे। बुधवार को शो जंपिंग के साथ विजेता घोषित किए जाएंगे।
सीसीआइ टू-स्टार
टू-स्टार लांग इवेंट की क्रॉस कंट्री में बिना किसी पेनाल्टी के आरटीएस एंड डी हेमपुर के लांस दफेदार विश्वनाथ पी शंकर अपने जोड़ीदार गणपत के साथ सबसे आगे की पंक्ति में अपने स्थान को कायम रखे हुए हैं। ड्रेसाज व क्रॉस कंट्री के बाद उनके 33.6 पेनाल्टी हैं। वहीं आर्मी सप्लाई कोर (एएससी) की मेजर आरती रावत क्रॉस कंट्री में अच्छे प्रदर्शन के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। घोड़े ग्रेट के साथ क्रॉस कंट्री में उन्हें केवल 3.2 पेनाल्टी मिली। इसके साथ ही उनके कुल 37.1 पेनाल्टी हैं। तीसरे स्थान पर आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज के लांस दफेदार के महेश व टारजन ने भी क्रॉस कंट्री बिना किसी पेनाल्टी के पार की और अब 38 पेनाल्टी के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
सीसीआइ वन-स्टार
वन-स्टार इंट्रो की क्रॉस कंट्री में टॉप छह में चल रहे छह घुड़सवार ने शून्य पेनाल्टी के साथ क्रॉस कंट्री को पार किया। एएससी के मेजर आशीष मलिक व चॉकलेट 32.5 पेनाल्टी के साथ पहले स्थान पर हैं। आरवीसी सेंटर एंड कालेज के दफेदार शांतनु कुमार व गुलफाम की जोड़ी भी ब्लीयर क्रॉस कंट्री के बाद कुल 34 पेनाल्टी के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं आरटीएस एंड डी सहारनपुर के सवार जितेंद्र सिंह व गेब्रियल की जोड़ी 34.9 पेनाल्टी के साथ तीसरे स्थान पर है। इनके अलावा इस इवेंट में आरवीसी के सवार अवधेष कुमार, सहारनपुर के सवार प्रवीण कुमार, हेमपुर के सवार हकीम अली व सहारनपुर के ही सवार प्रिंस ने बिना किसी पेनाल्टी के क्रॉस कंट्री पार कर लिया।
नोविस इवेंटिंग में सौरभ आगे
मेरठ हॉर्स शो नोविस इवेंटिंग प्रतियोगिता में ड्रेसाज व क्रॉस कंट्री के बाद सहारनपुर के सवार सौरभ कुमार व ट्रेंड शेटर की जोड़ी 44.5 पेनाल्टी के साथ पहले स्थान पर है। 61 कैवेलरी के कैप्टन दीपांश शेरोन व अडोल्फर 45.5 पेनाल्टी के साथ दूसरे व इंजीनियर्स के सैपर गुरजोग सिंह व लकी 73.3 पेनाल्टी के साथ तीसरे स्थान पर हैं।