विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तीरंदाजों में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने को हर महीने प्रतियोगिता

By JagranEdited By:
Published: Sat, 06 Nov 2021 10:40 AM (IST)

भारतीय तीरंदाजी संघ की ओर से हर घर तीरंदाजी हर गांव तीरंदाजी मिशन की शुरुआत कर दी गई है। देश ...और पढ़ें

तीरंदाजों में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने को हर महीने प्रतियोगिता
तीरंदाजों में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने को हर महीने प्रतियोगिता

मेरठ, जेएनएन। भारतीय तीरंदाजी संघ की ओर से 'हर घर तीरंदाजी हर गांव तीरंदाजी' मिशन की शुरुआत कर दी गई है। देश के तीरंदाजों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा में शामिल किया जा रहा है। इस बाबत हर महीने जोनल स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। भारतीय खेल प्राधिकरण यानी साई के सहयोग से इसकी शुरुआत नार्थ जोन से ही की जा रही है जिसमें उत्तर प्रदेश सहित 10 प्रदेशों के तीरंदाजों को प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिलेगा।

होगी खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रतियोगिता

इस मिशन के अंतर्गत खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भारतीय तीरंदाजी संघ के कैलेंडर में इस प्रतियोगिता को रेगुलर इवेंट के तौर पर शामिल कर लिया गया है। पहली खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रतियोगिता सात नवंबर को सोनीपत में सीनियर व जूनियर में रिकर्व और कंपाउंड के लिए होगी। इस मासिक व घरेलू प्रतियोगिता का आयोजन घरेलू प्रतिस्पर्धा को बढ़ाना, जन भागीदारी बढ़ाना और उत्तरी क्षेत्र के तीरंदाजों को अवसर देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसमें दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की टीमें हिस्सा लेंगी।

हर गांव से निकलेंगे तीरंदाज

भारतीय तीरंदाजी संघ और भारतीय खेल प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस तरह के आयोजन से जमीनी स्तर से तीरंदाजों को तैयार करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उभरते तीरंदाजों के प्रदर्शन को और अधिक विकसित करने के लिए बढ़ावा मिलेगा। घरेलू प्रतिस्पर्धा बढ़ने से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन में भी निखार आएगा। अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रतियोगिताओं की तिथि जल्द जारी की जाएगी।

मेरठ की प्रतियोगिता से बनेगी उप्र टीम

उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के महासचिव अजय गुप्ता के अनुसार घरेलू प्रतिस्पर्धा समय की माग है। क्योंकि इससे खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत होंगे। इसमें सभी राज्यों की ए और बी टीमों को अपना दमखम दिखाने का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ इस आयोजन में गत 19 सितंबर को मेरठ में आयोजित की गयी सीनियर तीरंदाजी चयन प्रतियोगिता की वरीयता सूची के अनुसार सभी वर्गो में प्रदेश की टीम को भेजेगा।