बर्फ फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव, कई की हालत बिगड़ी
दिल्ली रोड स्थित बर्फ बनाने की फैक्ट्री में शनिवार देर शाम अमोनिया गैस के सिलेंडर से रिसाव हो गया। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। लोग घरों से बाहर निकल आए। राहगीरों समेत कई की हालत बिगड़ गई।
मेरठ, जेएनएन। दिल्ली रोड स्थित बर्फ बनाने की फैक्ट्री में शनिवार देर शाम अमोनिया गैस के सिलेंडर से रिसाव हो गया। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। लोग घरों से बाहर निकल आए। राहगीरों समेत कई की हालत बिगड़ गई। दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रिसाव बंद किया। इस दौरान फैक्ट्री मालिक भाग गया।
परतापुर थाना क्षेत्र के डिमौली गांव निवासी हरपाल सैनी की दिल्ली रोड स्थित थाने के पास सैनी पाइप के नाम से दुकान है। बराबर में उनकी बर्फ की सिल्ली बनाने की फैक्ट्री है। गर्मियों की शुरुआत से पहले फैक्ट्री में मरम्मत का काम चल रहा है। शनिवार देर शाम करीब सवा छह बजे फैक्ट्री के बाहर लगे अमोनिया गैस के सिलेंडर का नोजिल टूट गया। इससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। राहगीरों समेत बच्चों और बड़ों को उल्टी, सिर चकराने, आंखों में जलन की शिकायत होने लगी। कुछ बच्चे बेहोश भी हो गए। इससे मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना पर परतापुर से दमकलकर्मी पहुंचे और पानी की बौछार से गैस का प्रभाव कम किया, इसके बाद सिलेंडर से रिसाव को रोका। इस दौरान हाईवे पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे। परतापुर थाना प्रभारी आनंद मिश्र ने बताया कि दमकल कर्मचारियों ने गैस रिसाव रोक दिया। फैक्ट्री मालिक हादसे के बाद भाग गया था। मामले की जांच की जा रही है।
बड़े भाई के घर में शादी,
मेहमानों की तबीयत खराब
हरपाल सैनी की फैक्ट्री के बराबर में ही उनके बड़े भाई गुलाब सैनी का मकान है। उनकी बेटी की 26 फरवरी को शादी है। घर में मेहमान आए हैं। गैस रिसाव से मेहमानों की तबीयत भी खराब हो गई। बच्ची आरती, राशि और प्रिया की हालत बिगड़ गई। पड़ोसी मो. हफीज के बच्चे शहजान और अली को चक्कर आने लगे। आसपास के लोग बच्चों को उठाकर गैस के प्रभाव से दूर ले गए, इसके बाद उनकी तबीयत ठीक हुई। लोगों ने कई बार की शिकायत
बर्फ फैक्ट्री से अमोनिया गैस रिसाव के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए थे। मो. हफीज ने बताया कि रात में अक्सर गैस का रिसाव होता है। इसकी शिकायत लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से की थी, लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। फैक्ट्री मानकों के विपरित चल रही है। इसकी जांच होनी चाहिए। स्थानीय लोग इसकी शिकायत दोबारा से करेंगे।
हादसे-दर-हादसे
30.11.14 - खरखौदा के मीट प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव से 20 बेहोश।
13.05.13 - शास्त्रीनगर एच ब्लॉक में गेल की पाइप लाइन फटने से अफरा-तफरी मची।
05.05.13 - खड़ौली बाईपास पर गैस री-फिलिंग प्लांट में रिसाव।
26.08.10 - सोफिया स्कूल में गैस रिसाव से 10 छात्राएं बेहोश।
18.11.09 - रेलवे रोड के रौनक पुरा मोहल्ले में अमोनिया गैस से तीन बच्चे बेहोश।
04.04.07 - इंचौली में जहरीली गैस से एक की मौत, दो बेहोश।
12.06.07 - रिठानी की बर्फ फैक्ट्री में अमोनिया के रिसाव से कई की हालत बिगड़ी।
29.01.06 - टीपीनगर के कमला नगर में गीजर की गैस से महिला की मौत।