अग्निवीर भर्ती में सेंधमारी की कोशिश नाकाम, मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर मेरठ पुलिस ने आरोपित दबोचा
Meerut News: मेरठ पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने अग्निवीर भर्ती में ठगी करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 12 प्रमाण पत्र बरामद हुए हैं।

पुलिस गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
नौकरी लगवाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी का आरोप।
मूल शैक्षिक दस्तावेजों समेत 12 प्रमाण पत्र बरामद।
जागरण संवाददाता, मेरठ। अग्निवीर भर्ती के नाम पर युवाओं को ठगी का शिकार बनाने के मामले में मिलिट्री इंटेलिजेंस की मदद से मेरठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लालकुर्ती पुलिस, स्वाट टीम नगर और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने अग्निवीर भर्ती के जरिए सेना में नौकरी लगवाने और रि-मेडिकल संबंधी लाभ दिलाने का झांसा देकर रुपये व मूल शैक्षिक दस्तावेज लेने के आरोपित मतपाल को गिरफ्तार किया है।
आरोपित के कब्जे से तीन हाईस्कूल मार्कशीट, तीन इंटरमीडिएट मार्कशीट, तीन जाति प्रमाण पत्र और तीन निवास प्रमाण पत्र बरामद हुए हैं। सेना और पुलिस की इस कार्रवाई से अग्निवीर भर्ती के अभ्यर्थियों को निशाना बनाकर ठगी करने के मामले का पर्दाफाश हुआ है।
मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 को अभिषेक सैनी ने थाना लालकुर्ती में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के सहदोली निवासी मतपाल पुत्र राम सिंह ने नौकरी लगवाने के नाम पर उससे और अन्य लोगों से रुपये और मूल शैक्षिक अभिलेख ले लिए। शिकायत के आधार पर लालकुर्ती थाने के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी कैंट की अगुवाई में मिलिट्री इंटेलिजेंस के साथ संयुक्त टीम ने छावनी स्थित इंडियाना बार रोड पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल में रि-मेडिकल का हवाला देकर भरोसे में लेने का आरोप
अग्निवीर भर्ती के अभ्यर्थियों को रि-मेडिकल संबंधी लाभ दिलाने का झांसा दिए जाने की बात सामने आई है। सहारनपुर में हुए भर्ती रैली में सफल अभ्यर्थियों के विस्तृत मेडिकल परीक्षण छावनी स्थित मिलिट्री अस्पताल में चल रहे हैं। इसी मेडिकल संबंधी प्रक्रिया का हवाला देकर अभ्यर्थियों को भरोसे में लिए जाने की जानकारी मिली है। आरोप है कि इसी तरह नौकरी लगवाने का लालच देकर रुपये और मूल दस्तावेज लिए गए।
सहारनपुर में हुई थी 13 जिलों के युवाओं की अग्निवीर भर्ती रैली
सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए 17 अगस्त से नौ सितंबर 2026 तक सहारनपुर के डा. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की गई थी। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के सहयोग से आयोजित रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं पास) श्रेणियों के लिए भर्ती प्रक्रिया संपन्न हुई थी।
इस भर्ती क्षेत्र में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ जिले के युवा शामिल हुए थे। भर्ती प्रक्रिया के नाम पर ठगी का यह मामला सेना में जाने का सपना देख रहे युवाओं को सतर्क रहने का संदेश देता है।
12 प्रमाण पत्र बरामद, आरोपित न्यायालय में पेश होगा
गिरफ्तार आरोपित मतपाल के कब्जे से कुल 12 प्रमाण पत्र बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में मुरादाबाद के कांठ थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 427, 452 और 506 के तहत भी मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख है। साथ ही पुलिस इसके साथियों की तलाश भी कर रही है।
संयुक्त कार्रवाई में लालकुर्ती थानाध्यक्ष विजय कुमार, स्वाट टीम नगर प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह बघेल और हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार शामिल रहे।
सावधान रहें अभ्यर्थी
सेना में नौकरी दिलाने, मेडिकल में लाभ दिलाने या चयन की गारंटी देने के नाम पर रुपये मांगने वालों से सतर्क रहें। सेना की ओर से भी लगातार इसके संबंध में जागरूक किया जाता है। किसी भी दावे की पुष्टि संबंधित सेना भर्ती कार्यालय से करें और अपने मूल शैक्षिक दस्तावेज अनधिकृत व्यक्तियों को न सौंपें।
