'विराट और धौनी हमारे यहां भी हीरो, भारत में मिलता है सबसे ज्यादा प्यार'; मेरठ पहुंचे अफगान क्रिकेटर व मीडिया मैनेजर
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ चल रही टी-20 सीरीज में कम से कम एक मैच जीतने का लक्ष्य लेकर ...और पढ़ें

बीडीएम में बल्ला और अन्य क्रिकेट उपकरण लेने पहुंचे अफगानिस्तान क्रिकेट टीम में बल्लेबाज और विकेटकीपर नूर अहमद।
HighLights
बीडीएम में बल्ला व अन्य क्रिकेटर उपकरण लेने पहुंचे विकेटकीपर बल्लेबाज नीर अहमद।
अफगानिस्तान टीम के मीडिया मैनेजर नासिर ने की दैनिक जागरण से बातचीत।
जागरण संवाददाता, मेरठ। भारत के खिलाफ चल रही तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अफगानिस्तान की नजर कम से कम एक मुकाबला जीतने पर है। सीरीज का पहला मैच रविवार को भारत जीत चुका है। दूसरा मैच मंगलवार और तीसरा मैच 17 सितंबर को है।
अब अफगान टीम बाकी दोनों मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन कर सीरीज में वापसी की कोशिश करेगी। अफगानिस्तान टीम के मीडिया मैनेजर नासिर ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि टीम भारत के खिलाफ कम से कम एक मैच जीतने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। उन्होंने कहा कि भारत में अफगान खिलाड़ियों को जिस तरह का प्यार और सम्मान मिलता है, वह शायद ही किसी अन्य देश में मिलता हो।
सोमवार को मेरठ में बीडीएम में बल्ला व अन्य क्रिकेटर उपकरण लेने विकेटकीपर बल्लेबाज नीर अहमद के साथ पहुंचे नासिर के अनुसार अफगानिस्तान की टीम इस समय भारत में ही अपनी मेजबानी में टी-20 सीरीज खेल रही है। भारतीय परिस्थितियां और यहां का क्रिकेट माहौल अफगान खिलाड़ियों के लिए परिचित है।
बड़ी संख्या में अफगान खिलाड़ी आइपीएल में खेलते हैं, जहां उन्हें दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और उच्च स्तर की क्रिकेट सीखने का अवसर मिलता है। इसका फायदा वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उठा रहे हैं।
नासिर ने बताया कि भारत और अफगानिस्तान के क्रिकेट संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। आइपीएल में खेलने से अफगान खिलाड़ियों को तकनीक, दबाव में प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा को समझने का अनुभव मिलता है। अफगानिस्तान में विराट कोहली और एमएस धोनी जैसे भारतीय क्रिकेटरों की जबरदस्त लोकप्रियता है, जबकि भारत में भी अफगान खिलाड़ियों के बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं।
अपने सीनियर्स को देख कर 2022 में अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में पदार्पण करने वाले नूर अहमद ने बताया कि अफगानिस्तान में युवा अपने स्टार खिलाड़ियों को देखकर क्रिकेट की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इंटर-क्लब और स्कूल स्तर से खिलाड़ी प्रोफेशनल क्रिकेट की तरफ बढ़ रहे हैं।
नासिर ने बताया कि काबुल में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण चल रहा है। भविष्य में अफगानिस्तान चाहता है कि अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय टीमें उसके घरेलू मैदानों पर खेलें। बताया कि अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (एपीएल) भी शुरू होने की तैयारी में है। ड्राफ्ट प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी वर्ष के अंत में इसके मुकाबले शुरू होने की योजना है। इसमें अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के साथ विदेशी क्रिकेटर भी हिस्सा लेंगे।
विश्व कप जीतना सबसे बड़ा सपना
नासिर ने कहा कि पिछले छह-सात वर्षों में और विशेषकर पिछले दो-तीन वर्षों में अफगानिस्तान क्रिकेट में तेजी से बदलाव आया है। टीम के बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन करने से देश में क्रिकेट का क्रेज भी बढ़ा है। कहा कि अफगानिस्तान का सबसे बड़ा लक्ष्य टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप या टेस्ट चैंपियनशिप में खिताब जीतना है। विश्व कप जीतना देश के क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल होगा।
भारत, पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया से मुकाबले रोमांचक
नासिर ने आस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को अफगानिस्तान का कड़ा प्रतिद्वंद्वी बताया। इन टीमों के खिलाफ मुकाबलों को देखने के लिए अफगानिस्तान के प्रशंसकों में खासा उत्साह रहता है। नूर अहमद ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों में राशिद खान और गुरबाज का नाम लिया, जबकि दुनिया के अपने आदर्श खिलाड़ी के रूप में केएल राहुल को बताया। उनका मानना है कि अगले 10 वर्षों में अफगानिस्तान क्रिकेट सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगा और टीम बड़ी टीमों के खिलाफ सीरीज जीतने की क्षमता विकसित करेगी।
अमित
