छत पर खड़ी महिला पर पड़ोसी युवक ने तेजाब फेंका, जख्मी Meerut News
एक युवक ने महिला पर तेजाब से हमला कर दिया। तेजाब की छींटे महिला के हाथ पैर और पेट पर गिरी जिससे वह घायल हो गई। हमले के बाद आरोपित भाग गया।
मेरठ, जेएनएन। लिसाड़ी गेट क्षेत्र ऊंचा सद्दीक नगर में अपने मकान की छत पर खड़ी महिला के ऊपर पड़ोसी युवक ने तेजाब से भरी बोतल फेंक दी। तेजाब की छींटे महिला के हाथ, पैर और पेट पर गिरी, जिससे वह घायल हो गई। आरोपित भाग गया। महिला की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
चार दिन पहले बच्चों के बीच हुआ था झगड़ा
ऊंचा सद्दीक नगर की राधने वाली गली निवासी हिना ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि मेरे बच्चों का पड़ोस में रहने वाली एक महिला के बच्चों से चार दिन पूर्व खेलने के दौरान झगड़ा हुआ था। तब पड़ोसियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। हिना का का आरोप है कि रविवार को वह छत पर थी, तभी आरोपित महिला के परिवार के एक युवक ने उस पर तेजाब से भरी बोतल फेंकी, जिससे वह झुलस गई। चीख पुकार होने पर युवक वहां से भाग गया। पड़ोसी जमा हो गए। हिना के परिजन उसे पास के नर्सिग होम ले गए, जहां उसका उपचार कराया। प्रकरण की तहरीर हिना ने लिसाड़ी गेट थाने में दी। पुलिस ने आरोपित के घर दबिश दी, मगर वह फरार हो गया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप