युवाओं को प्रभावित न कर दे लाइक्स और फालोअर्स की होड़... अपने चरित्र और व्यक्तित्व को मजबूती दें
आचार्यश्री सौरभ सागर महाराज ने युवाओं को लाइक्स और फॉलोअर्स की क्षणभंगुर दौड़ से हटकर अपने चरित्र और व्यक्तित्व को ...और पढ़ें

थापरनगर जैन मंदिर में मंगल प्रवचन करते आचार्यश्री सौरभ सागर महाराज। जागरण
HighLights
युवाओं को लाइक्स-फॉलोअर्स की दौड़ से बचना चाहिए।
आंतरिक संतुष्टि, कृतज्ञता जीवन का सबसे बड़ा धन है।
क्षमा, उदारता, विनम्रता से जीवन में उन्नति प्राप्त होती है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। थापरनगर जैन मंदिर में आचार्यश्री सौरभ सागर महाराज ने कहा कि उच्च स्थान पर चरित्रवान व्यक्ति को ही बैठाने की चेष्टा की जाती है। इंटरनेट मीडिया की लोकप्रियता क्षणभंगुर हो सकती है। लाइक्स और फालोअर्स की होड़ युवाओं के मूल्यों को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में बाहरी पहचान के बजाय अपने चरित्र और व्यक्तित्व को मजबूती प्रदान करें, जिससे अपनी योग्यता व विश्वसनीयता में निखार आ सके।
अपने अंदर से विश्वास जगाएं और क्षणिक धर्म पथ की आकांक्षा में अपनी मर्यादा न भूलें, ताकि वर्तमान की विश्वसनीयता व भविष्य का सम्मान बना रह सके और जीवन आदर्शमय हो सके। वर्तमान में सबसे बड़ा धन हमारे मन की आंतरिक संतुष्टि है। जो व्यक्ति मन में कृतज्ञता का भाव रखते हैं, वह जीवन में अधिक खुश और संतुष्ट दिखाई देते हैं। हमें सबसे पहले सुबह उठते ही प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करनी चाहिए।
माता-पिता व गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करनी चाहिए। मन में क्षमा, ह्रदय में उदारता और व्यवहार में विनम्रता यही जीवन की उन्नति के आधार हैं। पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने दर्शन कर महाराजश्री से आशीर्वाद लिया। सुरेंद्र कुमार जैन, अंकुर जैन, रितेश जैन, सुशील कुमार जैन, दीपेंद्र कुमार जैन, विशाल जैन व अन्य मौजूद रहे।
दिगंबर जैन कालेज में छात्राओं को करेंगे संबोधित
श्री पुष्पवर्षा योग समिति के चेयरमैन सुरेश जैन ऋतुराज ने बताया कि आचार्यश्री सौरभ सागर महाराज शनिवार (आज) सुबह आठ बजे सदर स्थित दिगंबर जैन गर्ल्स इंटर कालेज में छात्राओं को संबोधित करेंगे।
