बच्ची से दुष्कर्म कर मेरठ में छिपा था आरोपित, टीपीनगर और अलीगढ़ पुलिस ने आरा मशीन से दबोचा
अलीगढ़ के इगलास में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपित मेरठ में छिपा था।
मेरठ, जेएनएन। अलीगढ़ के इगलास में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपित मेरठ में छिपा था। पुलिस ने उसे टीपीनगर क्षेत्र में एक आरा मशीन से दबोच लिया। पुलिस की टीम उसे अलीगढ़ ले गई है। सिकंदराबाद निवासी महबूब उर्फ राजू 18 सितंबर को अपनी ससुराल अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र में गया था। पुलिस के मुताबिक, महबूब ने वहां पड़ोस में रहने वाली चार साल की बच्ची से दुष्कर्म किया। इसके बाद ससुराल से भाग निकला। पुलिस उसकी गिरफ्तारी में जुटी थी। महबूब मेरठ के टीपीनगर थानाक्षेत्र में एक आरा मशीन पर मजदूरी करने लगा। दो दिन पहले मेरठ से अपने परिवार वालों को कॉल कर दी। पुलिस को उसके मेरठ होने की जानकारी मिली। अलीगढ़ पुलिस ने टीपीनगर पुलिस के साथ मिलकर उसे आरा मशीन से दबोच लिया। एसओ विजय गुप्ता ने बताया कि कोर्ट से वारंट होने के कारण महबूब को वहां की पुलिस को सौंप दिया गया।