डिवाइडर से टकराकर हाईवे पर घूमी कार ग्रिल में घुसी, स्टेयरिंग ड्राईवर के सीने में लगा, लेकिन एयरबैग खुलने से बच गई जान
मेरठ-रुड़की हाईवे पर पल्लवपुरम में एक वैगनआर कार उत्तराखंड रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में डिवाइडर और ग्रिल से ...और पढ़ें

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। जागरण
HighLights
रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में हादसा।
मेरठ नोर्थ मैट्रो स्टेशन के नीचे हुआ हादसा।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। मेरठ-रुड़की हाईवे पर पल्लवपुरम में मेरठ नोर्थ मेट्रो स्टेशन के नीचे उत्तराखंड़ की रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में वैगनआर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। उसके बाद कार सड़क किनारे नाला पटरी के ऊपर लगी लोहे की ग्रिल से टकराने के बाद बीच सड़क पर दो बार घूम गई।

कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार चालक सुरक्षित निकला। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को धकेलकर किनारे किया, जिसके बाद जाम खुल सका।
जेल चुंगी के पास यादगारपुर निवासी दीपक ने बताया कि घर के पास ही उसकी कास्मेटिक की दुकान है। वह रक्षाबंधन पर अपने मामा के घर मुजफ्फरनगर गए थे। शनिवार शाम वह वैगनआर कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। मेरठ-रुड़की हाईवे पर पल्लवपुरम स्थित मेरठ नोर्थ मेट्रो स्टेशन (Meerut North Metro Station) के नीचे हरिद्वार से दिल्ली जा रही उत्तराखंड डिपो की रोडवेज बस के चालक ने अचानक किसी वाहन को बचाने के लिए स्टेयरिंग मोड़ दिया।
तभी रोडवेज बस के पीछे चल रहे दीपक ने बस से बचने के लिए कार के ब्रेक लगाए। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पहले डिवाइडर से टकराई। फिर बगल में मेट्रो स्टेशन के नीचे नाला पटरी पर लगी लोहे की ग्रिल में जा घुसी।
जोरदार भिड़ंत में ग्रिल टूट गई और वैगनआर सड़क पर दो बार घूमकर रूक गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। भीड़ जमा होने से पहले ही चालक रोडवेज बस लेकर वहां से दिल्ली की ओर चला गया।
हादसे में कार एयरबैग खुलने के कारण दीपक को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि स्टेयरिंग सीने में लगने से उसने दर्द की शिकायत की। घटना के बाद हाईवे पर दौराला से मेरठ आने वाली लेन पर ट्रैफिक जाम हो गया। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पल्लवपुरम थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहगीरों की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से धकेलकर किनारे खड़ा कराया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।
इस प्रकरण में पल्लवपुरम थाना प्रभारी भरत सारस्वत का कहना है कि रोडवेज बस से बचने के दौरान कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर और फिर लोहे की ग्रिल से टकरा गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। ट्रैफिक सुचारू करा दिया गया।
