अब चंद्रशेखर से मिलने पहुंचे दिल्ली के ये मंत्री, भाजपा पर बोला हमला
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद से मिलने छुटमलपुर पहुंचे।
मेरठ (जेएनएन)। सहारनपुर के छुटमलपुर में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद से मिलने बुधवार को उनके आवास पर पहुंचे दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा है कि वे मंत्री बाद में हैं पहले बहुजन मूवमेंट के सिपाही हैं। बाबा साहब के संविधान को अपमानित नहीँ होने देंगे और इसे बदलने का प्रयास कर रहे लोगों को सत्ता से बाहर करके ही रहेंगे।
एकजुट होकर लड़ें
उन्होंने लोगों से एकजुट होकर भजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान भी किया। इससे पूर्व उन्होंने चंद्रशेखर से बंद कमरे में करीब आधा घंटे तक बात की। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने संविधान में हमें जो दिया उसे हम लागू नहीं करा पाए हैं। संविधान में प्रदत्त अधिकारों और सुविधाओं को 85 प्रतिशत समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा उद्देश्य है। भीम आर्मी संविधान को बचाने और देश की 85 प्रतिशत जनता को उसका हक दिलाने की लड़ाई लड़ रही है। संविधान को बदलने में लगी भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार रहें।