श्रीराम मंदिर के नाम जलाया आस्था का दीपक
अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण जारी है। अयोध्या में प्रदेश सरकार दीपोत्सव को खास बनाने की तैयारियों में जुटी है।
मेरठ, जेएनएन। अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण जारी है। अयोध्या में प्रदेश सरकार दीपोत्सव को खास बनाने की तैयारियों में जुटी है। बुधवार को छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति के पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों ने 'एक दीप श्रीराम मंदिर के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया। श्रीराम मंदिर का भव्य प्रतिरूप स्थापित कर श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक के क्षेत्र संचालक दर्शन लाल अरोड़ा ने कहा कि वर्षो के संघर्ष के बाद यह शुभ दिन आया है। पूरा हिदू समाज प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली पर भव्य मंदिर का निर्माण होते हुए देख रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि मंदिर निर्माण के लिए सभी शुभकामनाओं का एक दीप जलाएं। मुख्य अतिथि कैंट विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल रहे। संचालन समिति के महामंत्री व स्वयंसेवक करुणेश नंदन गर्ग ने किया। इस दौरान डा. सतीश शर्मा, अजय गुप्ता, अरुण जिंदल आदि मौजूद रहे।
इंदौर की तरह फिल्माया जाएगा स्वच्छता गीत : भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं स्वच्छ भारत अभियान के उत्तर प्रदेश संयोजक विजय भारद्वाज ने कहा कि इंदौर की तरह उप्र में भी सफाई जागरूकता के लिए डाक्यूमेंट्री गीत फिल्माया जाएगा। उन्होंने बुधवार को शास्त्रीनगर स्थित एक डांस एकेडमी में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि अब भी कुछ जगह ऐसी हैं जहां सफाई की बेहद जरूरत है। इसी उद्देश्य को देखते हुए डाक्यूमेंट्री गीत बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि गीत के माध्यम से लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया जा सके। प्रधानमंत्री ने क्लीन इंडिया का जो सपना संजोया था, उसको साकार करना है। न गंदगी करेंगे और न करने देंगे। एक कदम स्वच्छता की ओर पहले हमको बढ़ाना है। इसके लिए लोगों को जागरूक करना है, सफाई से खुद को स्वच्छ बनाना है, तभी स्वच्छता से पूरे विश्व में हमारी पहचान बनेगी। पांच साल में सफाई के प्रति लोगों का नजरिया काफी हद तक बदला है।