बलूनी परिवार पर टूट पड़ा दुखों का पहाड़
टीपीनगर में भोला रोड कृष्ण विहार निवासी रमेश बलूनी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मेरठ । टीपीनगर में भोला रोड कृष्ण विहार निवासी रमेश बलूनी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक महीने पहले पत्नी को आए हार्ट अटैक के सदमे से वह अभी उबर नहीं पाए कि बुधवार को पुत्र-पुत्रवधू देवप्रयाग में भागीरथी में बह गए। पुत्रवधू का तो शव बरामद हो गया, लेकिन गुरुवार देर शाम तक उनके इकलौते बेटे राहुल का कोई सुराग नहीं लग सका।
रमेश बलूनी के पड़ोसी अमरीश ने बताया कि रमेश बलूनी प्रगाढ़ विद्वान व्यक्ति हैं। वह साहित्य लेखन का काम करते हैं। वह पत्नी सरोज बलूनी, पुत्र राहुल बलूनी, पुत्रवधू दीपा, पौत्र अथर्व व पौत्री अनन्या के साथ कृष्णा कॉलोनी में रहते हैं। करीब एक महीने पहले उनकी पत्नी सरोज को हार्ट अटैक आने के बाद वह उनकी देखरेख के लिए देहरादून चले गए थे। वह अभी पत्नी के उपचार में लगे थे कि बुधवार को हुई घटना ने उन्हें जिंदगीभर का दर्द दे दिया।
पड़ोसियों ने बताया कि रमेश बलूनी के तीन बेटियों के अलावा इकलौता बेटा राहुल बलूनी है। पड़ोसी अमरीश ने बताया कि बलूनी परिवार व्यवहार कुशल है। मंगलवार को राहुल बलूनी से उनकी मुलाकात हुई थी। वह अपने दोनों बच्चों को हरिद्वार निवासी रिश्तेदार के यहां छोड़कर आने की बात कह रहे थे। अब पति-पत्नी के भागीरथी में बहने की सूचना मिली तो विश्वास ही नहीं हुआ।
मकान पर ताला, कॉलोनी में मातम
रमेश बलूनी के पुत्र-पुत्रवधू के साथ हुई घटना के बाद कृष्ण विहार कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को उनके मकान पर ताला लटका मिला, जबकि कॉलोनी में भी मातम पसरा हुआ था।