हंगामे और नोकझोंक के बीच 88 फीसद मतदान
बेगमपुल स्थित एसएसडी ब्वायज इंटर कॉलेज में कड़ाके की ठंड के बीच संयुक्त व्यापार संघ के चुनाव में 88.64 फीसद मतदान हुआ। सुबह नौ बजे से शुरू हुए मतदान में कई बार चुनाव मैदान में एक-दूसरे के विरोध में प्रत्याशियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
मेरठ, जेएनएन। बेगमपुल स्थित एसएसडी ब्वायज इंटर कॉलेज में कड़ाके की ठंड के बीच संयुक्त व्यापार संघ के चुनाव में 88.64 फीसद मतदान हुआ। सुबह नौ बजे से शुरू हुए मतदान में कई बार चुनाव मैदान में एक-दूसरे के विरोध में प्रत्याशियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। वहीं महामंत्री पद के प्रत्याशी संजय गोयल और उनके समर्थकों ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया।
संयुक्त व्यापार संघ के नवीन गुप्ता गुट द्वारा मनोनीत चुनाव अधिकारियों द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के तहत सोमवार को अध्यक्ष और महामंत्री एक-एक पद के लिए और मंत्री के नौ पदों के लिए मतदान हुआ। बताते चलें कि चुनाव में अरुण वशिष्ठ गुट ने भाग नहीं लिया। 21 दिसंबर को आम सभा बुलाकर संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष के रूप में अजय गुप्ता और महामंत्री दलजीत सिंह समेत 24 पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी है।
सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक हुए मतदान में कुल 1356 मतदाताओं के सापेक्ष 1202 ने मतदान किया।
मतदान केंद्र का बाहर का नजारा किसी बड़े चुनाव की तरह ही नजर आ रहा था। चुनाव में अध्यक्ष पद पर नवीन गुप्ता और रूपक अग्रवाल आमने-सामने हैं। वहीं महामंत्री पद पर काटे की टक्कर संजय गोयल और नवीन पैनल के संजय जैन के बीच है। विपुल सिंघल द्वारा मंत्री पद के लिए दावेदारी जताने से नवीन पैनल से मंत्री पद के सभी प्रत्याशियों के लिए मतदान हुआ। मतदान के लिए स्कूल के गेट नंबर दो से व्यापारियों को जाने दिया जा रहा था। गेट के एक ओर नवीन गुप्ता और उनके पैनल के प्रत्याशी और दूसरी ओर उनके विरोध में दावेदारी जताने वाले रूपक अग्रवाल, संजय गोयल और विपुल सिंघल खड़े थे। मतदान के लिए जाने वालों व्यापारियों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करने के लिए सभी में होड़ लगी थी। दोपहर करीब 12 बजे गेट पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, संजय गोयल और नवीन गुप्ता के बीच नोकझोंक हुई। चुनाव अधिकारी महेश सिंघल ने गेट से हटने की अपील की अन्यथा मतदान रोकने की चेतावनी दी। इसके बाद दोनों पक्ष शांत हुए।
फर्जी वोट डालता पकड़ा
पूर्व में चुनाव अधिकारियों ने पहचान पत्र खोने पर डुप्लीकेट पहचान पत्र बनवाने के लिए शाम चार बजे का समय निर्धारित किया था, लेकिन 11 बजे से ही डुप्लीकेट पहचान पत्र बनाए जाने लगे। इसका संजय गोयल और विपुल सिंघल ने विरोध किया। इसी बीच डुप्लीकेट पहचान पत्र से वोट डाल रहे एक व्यक्ति को पकड़ा भी गया। दोपहर तीन बजे संजय गोयल के भाई नीरज गोयल ने नवीन गुप्ता के मतदान कक्ष में रुकने का विरोध कर दिया। इसे लेकर दोनों के समर्थक आमने-सामने आ गए। चुनाव अधिकारी महेश सिंघल ने बताया कि 24 को मतगणना होगी।
जमकर किया प्रचार
मतदान के पूर्व प्रत्याशी और उनके कार्यकर्ता व्यापारियों को रिझाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे थे। मतदान केंद्र के बाहर कोई कार्यकर्ताओं से फिल्मी गानों की पैरोडी गाकर अपना प्रचार करा रहा था तो कोई फिल्मी कलाकारों की आवाज निकालकर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहा था। नवीन गुप्ता पैनल, विपुल सिंघल गुट रूपक और संजय गोयल द्वारा मतदान केंद्र के बाहर अपने-अपने पंडाल लगाए। साथ ही खाने-पीने के लिए इमरती डोसा, रसगुल्ले समेत तरह तरह के व्यंजनों का इंतजाम किया गया था। चुनाव अधिकारी गिरीश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, मुदित मांगलिक, अपार मेहरा, संजय अग्रवाल, गोविंद सोनकर आदि मौजूद रहे। वहीं, चुनाव अधिकारी महेश सिंघल ने कहा कि मतदान करने वाले हर व्यापारी का फोटो कराया गया है। चार महिलाओं ने भी वोटिंग की है। ऐसे में फर्जी वोटिंग की गुंजाइश शून्य हो जाती है। अगर किसी को शिकायत होगी तो उसका निराकरण कर दिया जाएगा।
फर्जी वोटिंग कराई गई है: संजय गोयल
संजय गोयल ने कहा चुनाव में नवीन गुप्ता पैनल के सदस्यों ने फर्जी वोटिंग कराई है। चुनाव अधिकारी से इस मामले में विरोध जताया गया है। बैलेट पेपर बांटने के लिए संस्कृत स्कूल के बच्चों को लगाया गया है, जिन्हें किसे कितने पेपर देने हैं इसकी जानकारी ही नहीं थी।
गलती से बदल गए थे नाम: नवीन गुप्ता
नवीन गुप्ता ने कहा कि गलती से अध्यक्ष और महामंत्री के नाम पहचान पत्र में बदल गए थे। फर्जी मतदान के आरोप निराधार हैं। 650 संस्थाओं ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लेकर संयुक्त व्यापार संघ के प्रति विश्वास जताया है।
---
मतदान एक नजर में
कुल मतदाता - 1356
मतदान किया - 1202
समय दर समय इस तरह हुआ मतदान
सुबह 9 से 11 बजे तक- 90
11 बजे से दोपहर 1 बजे तक - 290
1 बजे से 4 बजे तक - 729
दोपहर 4 बजे से शाम 6 बजे तक - 93