Coronavirus Update: कोरोना को मात देकर घर पहुंचे मेरठ मंडल के 80 फीसद मरीज, पर मौत दर में अभी भी आगे, देखें आकड़े Meerut News
कोरोना संक्रमण के शिकार लोगों का इलाज करके उन्हें ठीक करके घर वापस भेजने में मेरठ मंडल के प्रयास रंग ला रहे हैं। मंडल का रिकवरी रेट शुक्रवार रात तक 79.9 फीसद तक पहुंच गया।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के शिकार लोगों का इलाज करके उन्हें ठीक करके घर वापस भेजने में मेरठ मंडल के प्रयास रंग ला रहे हैं। मंडल का रिकवरी रेट शुक्रवार रात तक 79.9 फीसद तक पहुंच गया। जो कि अफसरों के साथ साथ आम जनता को भी कोरोना संक्रमण के खौफ से राहत देने वाला है। संक्रमण दर की बात करें तो उसमें मंडल में सबसे आगे गाजियाबाद है। यहां संक्रमण की दर 5.76 फीसद है। दूसरे स्थान पर गौतमबुद्ध नगर है। जबकि मौत के आंकड़े में मेरठ ने अन्य जनपदों को पीछे छोड़ रखा है। यहां सबसे ज्यादा 86 मौत हो चुकी हैं।
कमिश्नर ने जारी किए आंकड़े, जताया संतोष
शनिवार को कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने कोरोना संक्रमण से संबंधित आंकड़े जारी करके यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण से लड़ाई में मेरठ मंडल के प्रयास सराहनीय हैं। यहां रिकवरी रेट शुक्रवार रात 12 बजे तक 79.90 तक पहुंच गई। 13,877 मरीजों में से 11,088 को छुट्टी दे दी गई। जबकि गुरुवार 23 जुलाई को यह दर 79.81 थी। उन्होंने बताया कि मंडल के सभी जनपदों में कोरोना के मरीजों के इलाज, सर्विलांस, कोरोना की जांच और इलाज के संसाधनों की व्यवस्था को लेकर अच्छा काम किया जा रहा है। चिकित्सा विभाग के साथ साथ प्रशासन, पुलिस, नगर निगम समेत सभी संबंधित विभागों द्वारा इसे लेकर खासी गंभीरता दिखाई जा रही है। जांच के कार्य में भी तेजी आई है।
मंडल में अब 2542 एक्टिव केस
कमिश्नर ने बताया कि मंडल में अब कुल एक्टिव केस मात्र 2542 रह गए हैं। एक्टिव केस सबसे ज्यादा 908 गाजियाबाद में हैं। गौतमबुद्धनगर में 897 केस हैं। इनके बाद मेरठ आता है जहां 346 एक्टिव केस हैं। बुलंदशहर में 202, हापुड़ में 123 और बागपत में सबसे कम 66 एक्टिव केस हैं।
गाजियाबाद में सबसे ज्यादा संक्रमण दर
कमिश्नर ने बताया कि कोरोना संक्रमण की दर की बात करें तो यह सबसे ज्यादा गाजियाबाद में 5.76 है। गौतमबुद्ध नगर 5.57 फीसद के साथ दूसरे स्थान पर है। सबसे कम बागपत में 1.54 फीसद है जबकि मेरठ में संक्रमण की दर 2.41 है।
मेरठ में सबसे ज्यादा मौत, मंडल में 247 की गई जान
कमिश्नर ने बताया कि मौत का आंकड़ा सबसे ज्यादा मेरठ में 86 है। दूसरे स्थान पर गाजियाबाद में 64 मौत हुई। गौतमबुद्धनगर में 40, बुलंदशहर में 29, हापुड़ में 18 तथा सबसे कम 10 मौत बागपत जनपद में हुई। उन्होंने कहा कि मेरठ में मेडिकल कालेज हायर सेंटर है जहां अन्य जनपदों के गंभीर मरीज भी आते हैं। उनमें से कुछ की यहां मौत हो जाती है। यही कारण है कि यहां मौतों की संख्या ज्यादा रहती है। मंडल में अभी तक 247 लोगों की जान कोरोना लील चुका है।
इन्होंने कहा...
मंडल में कोरोना की रिकवरी दर लगभग 80 फीसद तक पहुंच गई है। यह शुभ संकेत हैं। सभी की सामूहिक कोशिशों का असर है। जल्द ही इस दर को और सुधारा जाएगा। -अनीता सी मेश्राम, कमिश्नर
मंडल के जनपदों में कोरोना संक्रमण पर नजर
जनपद पॅाजिटिव मिले ठीक हुए एक्टिव केस
बागपत 567 491 66
बुलंदशहर 1163 932 202
गौतमबुद्धनगर 4637 3700 897
गाजियाबाद 4534 3562 908
हापुड़ 1066 925 123
मेरठ 1910 1478 346
योग 13,877 11,088 2542
संक्रमण की दर और मौत का हाल
जनपद संक्रमण की दर मौत
बागपत 1.54 10
बुलंदशहर 2.42 29
गौतमबुद्धनगर 5.57 40
गाजियाबाद 5.76 64
हापुड़ 3.02 18
मेरठ 2.41 86
योग 3.84 247