550वां प्रकाश पर्व : भव्य नगर कीर्तन में भक्ति की बयार, शबद गायन सुन संगत हुई निहाल Meerut News
550वां प्रकाश पर्व पर मंगलवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान शबद गायन सुनकर संगत भी निहाल हो गई।
मेरठ, जेएनएन। 550th Prakashparva गुरुनानक देव के प्रकाशपर्व पर मंगलवार को भव्य रूप से नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन में लोगों ने बड़े उत्साह के साथ भागीदारी की। इसके पूर्व सोमवार को शहर के कई गुरुद्वारों से प्रभात फेरी निकली। गुरुवाणी का पाठ और कीर्तन करते चले रहे जत्थे जहां-जहां से गुजरे माहौल गुरु भक्ति से सराबोर हो गया। गुरु पर्व को लेकर सोमवार की रात गुरुद्वारे सजावट से जगमगा उठे। गुरुनानक नगर स्थित गुरुद्वारा सचखंड दरबार, थापर नगर गुरु सिंह सभा और कैंट स्थित शीशे वाला गुरुद्वारे की सजावट देखते ही बन रही थी।
अलौकिक प्रभात फेरी
थापर नगर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से सबसे आगे गुरु निशान साहिब को लेकर सेवादार चल रहे थे। वाद्यों की धुन के साथ मन चाओ भया प्रभु आगम सुणिया कलि तारण गुरु नानक आया आदि शबदों का सुर में गायन करते हुए संगत चल रही थी। अलौकिक प्रभात फेरी गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा से आरंभ होकर सोती गंज, सदर कबाड़ी बाजार, टंकी मोहल्ला, ढोलकी मोहल्ला, सदर थाना होते हुए गुजरी। जगह जगह चाय और नाश्ते का वितरण हुआ। शबदों के माध्यम से गुरु नानक देव के ऊंची नीच, भेद भाव मिटाने जैसे मानवता के उपदेशों का संदेश दिया गया।
इन लोगों ने की अपील
आयोजक 550 वां गुरु नानक प्रकाश पर्व कमेटी के सरपरस्त दविंद्रजीत सिंह नंदा, प्रधान रणजीत सिंह नंदा, सुरेंद्र सिंह भाटिया, जसबीर सिंह खालसा, अमरजीत सिंह चावला, रणजीत सिंह जस्सल, हरप्रीत सिंह ने धर्मनिरपेक्ष जनता, सामजिक, धार्मिक संगठनों से आज होने वाले नगर कीर्तन में शामिल होने की अपील की। ग्रंथी भाई चरनप्रीत सिंह और प्रेम सिंह ने अरदास करायी। इस दौरान जसपाल सिंह जस्सी, बीबी रविंद्र कौर, हरविंद्र सिंह टिटू, जिम्मी सिंह, राजा सिंह, रवि सिंह ने सहयोग किया। घंटाघर कोटला स्थित गुरुद्वारा से निकली प्रभात फेरी में उत्साह से संगत शामिल हुई। ओमप्रकाश, संजय भोला आदि ने सहयोग किया। भैंसाली स्थित गुरुद्वारा माता सीता के सामने कीर्तन समागम हुआ। अखंड और निष्कामी कीर्तनी जत्थे ने कीर्तन किया। दिल्ली से आए भाई बिक्रमजीत सिंह गढ़ी ने शबद गायन किया। अमरजीत सिंह एडवोकेट, हरिराय आदि मौजूद रहे।
अधिक से अधिक भाग लें
आयोजन कमेटी के सरपरस्त दविंद्रजीत सिंह सेठी ने कहा कि गुरु नाम लेवा संगत को इस एतिहासिक मौके पर नगर कीर्तन में शामिल होकर धर्म लाभ कमाना चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित लोगों से शामिल होने की अपील की।
सुबह 11 बजे से नगर कीर्तन
गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश उत्सव पर मंगलवार को पूरा शहर प्रथम सिख गुरु की भक्ति से सराबोर रहेगा। नगर कीर्तन यात्रा मंगलवार को सुबह 11 बजे गुरुनानक नगर से आरंभ होगी। 12 घंटे तक शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरते हुए रात में थापर नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पहुंचेगी। गुरुग्रंथ साहिब की पालकी को सजाने का काम सोमवार को दोपहर से आरंभ हो गया। कोलकाता से आए कारीगर फूलों से पालकी को सजाने में जुटे रहे। लगभग तीन किलोमीटर में नगर कीर्तन को कंट्रोल करने के लिए 50 सेवादार मुस्तैद रहेंगे। सूचना के आदान-प्रदान के लिए इनके पास वाकी टाकी भी होंगे।
गंदगी समेटने के लिए थैले वितरित
नगर कीर्तन के यात्र मार्ग पर जगह-जगह खाने-पीने के स्टाल लगाए जाएंगे। इसके साथ वाहनों में कीर्तन में शामिल संगत को खाने पीने की वस्तुएं वितरित की जाएंगी। कमेटी के सरपरस्त दविंद्र जीत सिंह नंदा ने कहा कि गंदगी न फैले, इसके लिए स्टालों पर सेवादारों से अपील की जाएगी कि वह एक थैले में डिस्पोजेबल गिलास और प्लेटें एकत्र करें। इसके लिए बड़े-बड़े थैले वितरित किए जाएंगे।