Meerut Top News: यहां पढ़ें मेरठ और आसपास के जिलों की बड़ी खबरें, जो दिनभर रहीं सुर्खियों में
Top News from Meerut and other districts रविवार शाम तक मेरठ और आसपास के जिलों में कई खबरें सुखिर्यों में हैं। इसमें मेरठ में निकाह करने पर दुल्हन और उसके स्वजन को गोली मारने की धमकी का मामला भी शामिल है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ और आसपास के जिलों में आज कई खबरें चर्चा में हैं। यहां हम आपको ऐसी ही बड़ी खबरों को कम शब्दों में बताने जा रहे हैं।
1: मृत कुत्ते को वैन से घसीटा, आरोपित दबोचा
मुजफ्फरनगर : शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर रोड पर एक कुत्ता मर गया। इसके बाद एक व्यक्ति मृत कुत्ते को वैन के पीछे बांधकर घसीटता हुआ ले गया। इसी बीच किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। पुलिस उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है।
2: विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म
बागपत: बड़ौत में शनिवार की देर रात्रि बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दो मुस्लिम युवकों ने विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर दो युवकों को नामजद करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच में जुट गई।
3: सिकंदराबाद की फोम फैक्ट्री में भीषण आग
बुलंदशहर: औद्योगिक क्षेत्र सिकंदराबाद के चार नंबर कट के पास स्थित सपना स्लीप में भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई। लपटें सौ फिट ऊंची उठती नजर आईं। गाजियाबाद, नोएडा एवं हापुड़ तक से दमकल बुलानी पड़ी। एडीएम प्रशासन, एसपी सिटी समेत दर्जनों अधिकारी मौके पर।
4: देश को सशक्त बनाया, प्रदेश को दंगामुक्त किया : भूपेंद्र सिंह
मुजफ्फरनगर: खतौली में जानसठ रोड स्थित रजवाड़ा फार्म हाउस पर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को सशक्त बनाया है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को दंगामुक्त बनाया है। पूर्व विधायक विक्रम सैनी सामाजिक लड़ाई के कारण जेल गए थे। वहीं, गठबंधन के प्रत्याशी के रिकार्ड को भी देख लीजिए। भाजपा के जनप्रतिनिधि से लेकर कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद रखते हैं।
5: निकाह करने पर सिरफिरे ने दी गोली मारने की धमकी, पुलिस की मौजूदगी में बरात के स्वागत की तैयारी
मेरठ : खरखौदा थाना क्षेत्र में रविवार रात दो बहनों का निकाह होना है। एक युवती से सलमान नाम का युवक एकतरफा प्यार करता है। शनिवार रात सलमान युवती के घर पहुंचा और बरात आने पर दुल्हन को गोली मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर राजीव कुमार का कहना है कि आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की गई है।
यह भी पढ़ें: निकाह करने पर सिरफिरे ने दी गोली मारने की धमकी, पुलिस की मौजूदगी में बरात के स्वागत की तैयारी