जयंत चौधरी ने दंगा, जिन्ना और पलायन पर भाजपा को घेरा, कार्यकर्ताओं को दिया अहम संदेश
UP Assembly Election 2022 रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने भाजपा पर तंज कसने के साथ टिकट न मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं को समझाया। कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि हर सीट पर जयंत को प्रत्याशी मानें।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने एक ओर जहां भाजपा पर राजनीतिक प्रहार किए, वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराज पदाधिकारियों को संतुष्ट करने का कार्य भी किया। सीधे और सटीक तरीके से संदेश दिया कि सिंबल और प्रत्याशी के विवाद में नहीं पड़ना है, बल्कि यह समझो कि हर सीट पर जयंत चौधरी चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने देर शाम होटल में टिकट नहीं मिलने से आहत हुए कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की।
गुरुवार को जयंत चौधरी के खतौली, बुढ़ाना और सदर विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम हुए। तीनों कार्यक्रमों में उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता पर बल दिया। साथ ही किसान आंदोलन के जरिए भाजपा को किसान विरोधी बताया। लोगों से अपील की कि गठबंधन मान-सम्मान के लिए हुआ है। दंगा, जिन्ना और पलायन की बातें भाजपा ने फिर से शुरू कर दी है। गन्ना किसान बेहाल है, उनकी सुध क्यों नहीं ली गई।
बुढ़ाना, सदर, पुरकाजी, मीरापुर और खतौली विधानसभा सीट रालोद के कोटे हैं, इनमें से बुढ़ाना को छोड़कर चार सीटों पर सपा नेता चुनाव लड़ रहे है। इससे रालोद में अंदरूनी खींचतान चल रही है। इसे भांपते हुए जयंत चौधरी ने संदेश दिया कि हर सीट पर जयंत चौधरी को प्रत्याशी माना जाए। नाराज होने का नहीं बल्कि, एकजुट होने का समय है। धैर्य रखने वालों को इनाम जरूर मिलेगा।
जयंत के कार्यक्रम में छायाकार से मारपीट
भोपा रोड स्थित बैंक्वेट हाल में दोपहर बाद हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में भीड़ बेकाबू हो गई। मंच पर आपाधापी के चलते धक्का-मुक्की हुई। एक छायाकार से रालोद व सपा समर्थकों ने मारपीट कर दी। कुछ पुराने कार्यकर्ताओं ने किसी तरह छायाकार को मारपीट करने वालों से बचाया। इस दौरान कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। नई मंडी थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि जयंत चौधरी के कार्यक्रम में मारपीट का मामला संज्ञान में है। इस बारे में कोई शिकायत नहीं आई है।