मेरठ में भाजपा नेता के शव का मामला, स्वजन बता रहे हत्यारोपितों के नाम-पते, पुलिस कह रही जांच होगी
BJP leader body case भाजपा नेता के शव मिलने के बाद पीड़ित स्वजन ने मौखिक ही पल्लवपुरम पुलिस को हत्यारोपितों के नाम और पते बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। अभी तहरीर नहीं दी है। वहीं पुलिस कह रही है जांच की जाएगी।
मेरठ,जागरण संवाददाता। BJP leader body case मेरठ के मोदीपुरम में लावड़-धंजू गांव की सड़क पर 22 अक्टूबर की रात को मिला भाजपा नेता व पूर्व प्रधान के शव का मामला अब उलझता जा रहा है। पीड़ित स्वजन ने शव मिलने के करीब बीस घंटे तक कोई तहरीर नहीं दी थी, मगर अब पीड़ित स्वजन ने मौखिक ही पल्लवपुरम पुलिस को हत्यारोपितों के नाम और पते बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। मगर, अभी तक भी तहरीर नहीं दी है। वहीं पुलिस ने जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कही है।
घर से काम के लिए कहकर निकले थे
इंचौली गांव के पूर्व प्रधान मंगेश पुत्र कृपाल सिंह वर्ष 2010 में भाजपा के टिकट पर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुके हैं। पूर्व प्रधान के स्वजन ने पुलिस को बताया था कि 21 अक्टूबर को मंगेश अपने घर से किसी काम की कहकर गए थे, मगर उसके बाद वापस नहीं लौटे। तभी से स्वजन उनकी तलाश कर रहे थे। 22 अक्टूबर की रात को पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में लावड़-धंजू गांव की सड़क पर मंगेश का शव लहुलूहान हालत में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
दो लोगों पर हत्या का शव
मृतक के बाएं साइड चेहरे और सिर में चोट के निशान थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया। 23 अक्टूबर को मृतक के स्वजन पुलिस से मिलकर कहा कि पूर्व प्रधान गांव से दुल्हैड़ा और धंजू गांव के दो लोगों संग गए थे। शक जताया कि उन दोनों ने ही हत्या की है। मगर, पुलिस ने तहरीर देने को कहा तो वह नानुकर करने लगे। थानाध्यक्ष अविनाश अष्टवाल का कहना है कि तहरीर अभी तक नहीं दी है, मौखिक ही दो लोगों पर आरोप लगा रहे हैं, तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई होगी।