Tribute To Martyrs: मुजफ्फरनगर में बोले उत्तराखंड के सीएम धामी-कभी नहीं भुलाया जा सकता शहीदों का बलिदान
Tribute To Martyrs मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। Tribute To Martyrs उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को अलग राज्य के रूप में गठित व स्थापित करने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का बलिदान कभी नहीं भुलाया जा सकता। उनकी शहादत की बदौलत ही देवभूमि आज आबाद है। उनके सपनों का साकार कर उत्तराखंड को नित नई बुलंदियों पर पहुंचाना ही उद्देश्य है।
सात आंदोलनकारी शहीद हुए थे
शनिवार को मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। 27 साल पहले अलग राज्य की मांग को लेकर दिल्ली के राजघाट पर जा रहे उत्तराखंड के आंदोलनकारियों को रोकने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने हाईवे पर बैरिकेडिंग कर दी थी। उसी दौरान हुए संघर्ष में पुलिस की गोली से सात आंदोलनकारी शहीद हो गए थे, जबकि 17 घायल हुए थे।
यह लोग भी मौजूद
रामपुर तिराहा कांड के स्थल के निकट ही उत्तराखंड सरकार की ओर से बनाए गए शहीद स्मारक पर हर साल 2 अक्टूबर को राज्य के मुख्यमंत्री श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए पहुंचते हैं। शनिवार सुबह सुबह 10 बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्र में उत्तराखंड से मंत्री अजय भट्ट, उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष मदन कौशिक व कई अन्य भाजपा नेता रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए यहां पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्मारक पर आयोजित विचार गोष्ठी में कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
श्रद्धा सुमन अर्पित
शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके सपनों का राज्य बनाएं इस समय राज्य लगातार प्रगति की ओर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष मदन कौशिक, केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, मुजफ्फरनगर के सांसद केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, प्रदेश के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल समेत तमाम भाजपा नेताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊटवाल, बुढ़ाना क्षेत्र के विधायक उमेश मलिक मौजूद रहे।