Yoga Park In Meerut: एमडीए की शहर को सौगात, मेरठ में बनेगा योग पार्क और लगेंगी मुद्रा वाली प्रतिमाएं
Yoga Park In Meerut यह सही मायनों में शहरवासियों के लिए सुकून देने वाली खबर है। शहर को योग और हर्बल पार्क का तोहफा मिलने जा रहा है। यहां हर्बल पौधों की क्यारियां होंगी जिसके औषधीय उपयोग व वैज्ञानिक नाम की तख्ती उसके सामने लिखी रहेगी।
मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ शहर को एक शानदार सौगात मेरठ विकास प्राधिकरण एमडीए की तरफ से मिलने जा रही है। यह योग व हर्बल पार्क की। एक ही पार्क में योग व हर्बल पार्क होगा। इसमें विभिन्न योग आसन को सिखाने वाली योग मुद्रा की प्रतिमाएं होंगी। हर्बल पौधों की क्यारियां होंगी जिसके औषधीय उपयोग व वैज्ञानिक नाम की तख्ती उसके सामने लिखी रहेगी। यह वाकई शहरवासियों के लिए एक गुड न्यूज है।
बुलाए जाएंगे शिल्पकार
एमडीए के वीसी मृदुल चौधरी ने कार्यभार संभालने के कुछ समय बाद ही योग व हर्बल पार्क की योजना बनाई थी। इस योजना को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने नियोजन अनुभाग को इसका डिजाइन तैयार करने की जिम्मेदारी भी दे दी है। डिजाइन तैयार करने के बाद इसके लिए शिल्पकार बुलाए जाएंगे। शिल्पकार चयनित योग मुद्रा के हिसाब से प्रतिमा तैयार करेंगे।
शताब्दीनगर में बनेगा यह पार्क
योग और हर्बल पार्क शताब्दीनगर में बनेगा। इसके लिए पूर्व में विकसित किसी बड़े पार्क का चयन किया जाएगा। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाएगा जहां आसपास काफी लोग रहते हों और पार्क में घूमने-योग करने की रुचि रखते हों। ताकि इसका भरपूर उपयोग हो सके।
इनका कहना है
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के योग का परचम लहरा रहा है। आयोजनों को देखते हुए यह विचार आया था। मेरठ में बड़ी संख्या में लोग पार्कों में योग करते हैं। योग मुद्रा की प्रतिमाओं वाला पार्क शहर का आकर्षण बढ़ाएगा और लोगों को प्रेरित भी करेगा। नियोजन अनुभाग जल्द ही इसका डिजाइन तैयार करके आगे की प्रक्रिया बढ़ाएगा।
- मृदुल चौधरी, वीसी, एमडीए