Natural Routines For Physical Strength: हर बीमारी से बचाएगी प्राकृतिक दिनचर्या, जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ
Natural Routines For Physical Strength डा. इंदू कहती हैं कि कुछ ऐसी चीजें हैं जिन्हें अगर हम अपनी दिनचर्या में शामिल कर लें तो कई बीमारियों से खुद का बचाव कर पाएंगे। साथ ही शरीर को मजबूती भी मिलेगी।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना के समय में एक बार शरीर के बाहरी मजबूती से अधिक अंदर की मजबूती की परीक्षा हुई है। इस परीक्षा में सफल होने के लिए हमें प्राकृतिक दिनचर्या का ख्याल रखना ही होगा। इसके साथ कदमताल करने वाले बीमारियों से लड़ पाएंगे। नेचुरोपैथी चिकित्सा करने वाली डा. इंदु का कहना है कि प्रातकाल में सूर्योदय से पहले उठने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
डा. इंदू कहती हैं कि कुछ ऐसी चीजें हैं, जिन्हें अगर हम अपनी दिनचर्या में शामिल कर लें तो कई बीमारियों से खुद को बचाव कर पाएंगे। सुबह उठने के बाद मुंह में स्वच्छ जल भरने के बाद आंखों पर कुछ छींटें मारनी चाहिए। इससे आंखों की रोशनी ठीक रहती है। तांबे या चांदी के बर्तन में रात का रखा हुआ पानी पीना चाहिए। इससे कब्ज, बवासीर जैसे रोग नहीं होते हैं।
कई लोग सुबह चाय पीते हैं, यह हानिकारक है। वह बताती हैं कि सप्ताह में अगर संभव है तो एक दिन शरीरकी मालिश भी करनी चाहिए। सुबह के समय धूप में खुले बदन बैठना भी जरूरी है। आलस छोड़कर सुबह जरूर टहलना चाहिए। टहलने की गति तेज रखनी चाहिए, खुले में जाने के बाद खूब गहरी सांस लेनी चाहिए। इस समय दिन में सोने से बचना चाहिए।
डा. इंदु के अनुसार दिन में केवल दो बार भोजन करना चाहिए। वह नाश्ते में फल, रस का प्रयोग करने पर जोर देती हैं। वह कहती हैं कि बिस्तर पर पड़े पड़े नींद का इंतजार बीमारियों को आमंत्रित करता है। इसलिए इलेक्ट्रानिक डिवाइस से दूर रहते हुए रात 10:30 बजे तक सो जाना चाहिए। तभी आप सुबह उठ पाएंगे।