अनिल हत्याकांड में सोनीपत के भाजपा नेता समेत दो गिरफ्तार, क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति, 15 आरोपित फरार Baghpat News
गेहूं की फसल कटाई का विरोध करने पर शुक्रवार सुबह बागपत के नंगला बहलोलपुर गांव के किसान अनिल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनिल के भाई मुकेश ने कुंडली थाने में भाजपा के सोनीपत पार्षद एवं जिला उपाध्यक्ष नंदकिशोर आदि खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
बागपत, जेएनएन। उत्तर प्रदेश-हरियाणा सीमा विवाद में बागपत के किसान अनिल कुमार की हत्या के मामले में सोनीपत पुलिस ने भाजपा नेता समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर बुलेट प्रूफ ट्रैक्टरों को कब्जे में लिया है। फारेंसिक एक्सपर्ट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों गांव में तनावपूर्ण शांति है।
यह है मामला
यमुना खादर में गेहूं की फसल कटाई का विरोध करने पर शुक्रवार सुबह नौ बजे बागपत के नंगला बहलोलपुर गांव के किसान अनिल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनिल के भाई मुकेश ने कुंडली थाने में भाजपा के सोनीपत पार्षद एवं जिला उपाध्यक्ष नंदकिशोर के अलावा राजकुमार, मनोज, सचिन, बबलू, अमित, विजय, सुधव, देवेंद्र, रामगोपाल, अमित, धर्मजीत व चार-पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपित भाजपा नेता नंदकिशोर व उनके चचेरे भाई मनोज को गिरफ्तार किया है। शनिवार को सोनीपत के डीएसपी वीरेंद्र सिंह और कुंडली एसएचओ रवि कुमार और फोरेंसिक एक्सपर्ट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने किसान के स्वजन को कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसान अनिल कुमार पक्ष के सुनील यादव, मनवीर यादव आदि का कहना है, यदि सोनीपत पुलिस ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा।
सांसद ने हरियाणा के डीजीपी से की वार्ता
बागपत सांसद डा. सत्यपाल सिंह के प्रतिनिधि के रूप में भाजपा नेता परविंद्र धामा घटनास्थल पर पहुंचे व सोनीपत के पुलिस अधिकारियों से वार्ता की। बकौल परविंद्र , अधिकारियों ने सभी आरोपितों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। सांसद ने हरियाणा के डीजीपी से फोन पर वार्ता कर कार्रवाई की मांग की। सीमा विवाद के निस्तारण के लिए सांसद जल्द ही यूपी व हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। किसान के स्वजन से भी मिलेगे।
आरोपितों के समर्थन में हुई पंचायत
आरोपितों के समर्थन में सोनीपत के खुर्रमपुर गांव में पंचायत हुई। लोगों ने कहा कि आरोपितों को केस में झूठा फंसाया गया है। वहीं नंगला बहलोलपुर के किसानों का कहना है कि सोनीपत पुलिस पर दबाव बनाने के लिए कुछ लोग आरोपितों के पक्ष में पंचायत कर रहे हैं।