नाइट कर्फ्यू से सिनेमा संचालक चिंतित, शो घटे
एक साल बाद भी शहर के सिनेमा फिर वहीं आकर खड़े हो गए जहा से मशक्कत करने के बाद चलना शुरू किया था।
मेरठ, जेएनएन। एक साल बाद भी शहर के सिनेमा फिर वहीं आकर खड़े हो गए जहा से मशक्कत करने के बाद चलना शुरू किया था। गुरुवार को रात आठ से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू की घोषणा के बाद सिनेमाघरों के शो की संख्या और भी कम हो गई है। इससे सिनेमा संचालकों की चिंता और बढ़ गई है।
पिछले दिनों मल्टीप्लेक्स में 15 से 16 शो प्रतिदिन चलाए जा रहे थे। बाद में रात दस से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगने से शो की संख्या घटा दी गई थी। इस बार कर्फ्यू के समय में हुए बदलाव से शो की संख्या और भी कम कर दी गई है। सिनेमा संचालकों ने शाम पांच बजे तक आखिरी शो चलाने का निर्णय किया है। वेव सिनेमा में मात्र छह शो चलाए जाएंगे। वहीं, आइनाक्स सिनेमा में अब नौ शो ही चलेंगे। रीगल सिनेमा के संचालक रमेश गोयल ने बताया कि पहले की तरह चार शो ही प्रतिदिन चलाए जाएंगे। वेव सिनेमा के मैनेजर संजीव वर्मा का कहना है कि शाम साढ़े चार बजे मुंबई सागा फिल्म का आखिरी शो चलाया। अब नाइट कर्फ्यू लगने के बाद बड़े बजट की नई फिल्म लगने की उम्मीद खत्म हो गई है। आइनाक्स सिनेमा के प्रबंधक मनोज मिश्रा का कहना है कि नाइट कर्फ्यू के कारण सिनेमा हाल को बहुत बड़ा नुकसान हो रहा है। एक ओर शो की संख्या कम हो रही हैं, वहीं नई फिल्म रिलीज होने की भी कोई उम्मीद नहीं है।
आज हास्टल खाली कर देंगे छात्र: चौधरी चरण सिंह विवि की सभी प्रयोगात्मक, लिखित, मुख्य व सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित होने के बाद छात्रों को हास्टल खाली करने के लिए कहा गया है। कोविड के बढ़ते संक्रमण और शहर की स्थिति को देखते हुए 16 अप्रैल तक हास्टल खाली करना है। केवल डा. बीआर अंबेडकर छात्रावास में रहने वाले छात्रों को रोका गया है। चीफ वार्डन प्रो. पीके शर्मा ने कहा है कि सभी तरह की परीक्षाएं स्थगित हो गईं हैं। कक्षाएं आनलाइन चलेंगी। छात्र ऐसे में शुक्रवार तक हर साल में हास्टल छोड़ दें। हास्टल को आगे कैसे आवंटित किया जाएगा, उसके विषय में बाद में निर्णय लिया जाएगा।