शेयर ब्रोकर संदिग्ध हालात में लापता
बैंक से लौट रहा शेयर ब्रोकर संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उसका मोबाइल नंबर भी बंद जा रहा है। स्वजन पिछले दो दिन से लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार को स्वजन ने तहरीर दी है।
मेरठ, जेएनएन। बैंक से लौट रहा शेयर ब्रोकर संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उसका मोबाइल नंबर भी बंद जा रहा है। स्वजन पिछले दो दिन से लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार को स्वजन ने तहरीर दी है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र निवासी महेंद्र चंद्र गुप्ता स्वजन के साथ रहते हैं। उनका बेटा अनुज गुप्ता शेयर ब्रोकर है। वह तेजगढ़ी स्थित एचडीएफसी बैंक में नौकरी करता है। गुरुवार को वह बैंक गया था। ज्यादा काम होने की वजह से घर लौटने में देरी हो गई। स्वजन ने काल पर जानकारी ली। अनुज ने शारदा रोड पर होने की बात बोलकर फोन काट दिया। कई घंटे तक वह घर नहीं पहुंचा तो स्वजन ने उसके नंबर पर दुबारा फोन किया। लेकिन फोन स्विच आफ जा रहा था। उन्होंने आसपास के क्षेत्र में अनुज की काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार को महेंद्र चंद्र गुप्ता ने गुमशुदगी दर्ज कराई। ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी सुभाष अत्री का कहना है कि इंटरनेट मीडिया व सर्विलांस के जरिए अनुज की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।
रेलवे के निजीकरण से बढ़ेगी बेरोजगारी
सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित नार्दन रेलवे मेंस यूनियन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संगठन के बारे में कर्मचारियों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिया गया। अध्यक्ष विजय कांत शर्मा ने कहा कि 1924 में एनआरएमयू का गठन हुआ था। वर्तमान में रेलवे का निजीकरण सबसे बड़ी चुनौती है। सचिव सुभाष शर्मा ने कहा कि 151 ट्रेनों का संचालन निजी क्षेत्र में करने की योजना है, इसे रोका जाना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि रेलवे में ट्रेनों को निजी क्षेत्र में देने से बेरोजगारी बढ़ेगी। 14 बिंदुओं पर कर्मचारियों को जानकारी दी गई। इस दौरान सीमा शर्मा, अमरजीत, आदेश, कृष्ण गोपाल जिंदल, धर्मेंद्र, राजेंद्र, जोगेंद्र, सोहनवीर, निराला आदि मौजूद रहे।