UP Panchayat Election 2021: पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने किया ऐलान
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद शनिवार को सहारनपुर में पार्टी के दिल्ली रोड स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनाव अकेले दम पर लड़ने का ऐलान किया है।
सहारनपुर, जेएनएन। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने कहां की यूपी में गरीब का रहना बद से बदतर हो गया है। बहुजन समाज का एक बड़ा हिस्सा किसान हैं जो पिछले 2 माह से खुले आसमान के नीचे आंदोलनरत है बावजूद इसके प्रधानमंत्री या भाजपा का कोई बड़ा नेता किसानों का हाल-चाल जानने नहीं गया। उन्होंने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी।
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद शनिवार को सहारनपुर में पार्टी के दिल्ली रोड स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने किसान की समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसान कृषि कानून को वापस कराने के लिए बार्डर पर डटे हुए हैं। वे कड़ाके की सर्दी में भी सहन कर रहे हैं और अपना खेती का काम भी नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन सरकार कानून को वापस लेने के लिए तैयार नहीं हो रही है। सरकार को कानून वापस लेकर किसानों की मदद करनी चाहिए।
अकेले दम पर लडेंगी पंचायत चुनाव
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर पार्टी अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी। वह किसी की भी मदद नहीं लेगी। चंद्रशेखर ने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव में अपनी पूरी ताकत के साथ उतरेगी। पंचायत चुनाव की तैयारी भी जोरों पर चल रही है। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान पंचायत चुनाव में अधिकतम सीटें जीतने का दावा किया है। आपको बता दें कि आसपा ने बुलंदशहर की सदर विधानसभा सीट पर अच्छा प्रदर्शन करते हुए दूसरे नंबर पर अपना कब्जा जमाया था।
पंचायत चुनाव की तैयारी जोरों पर चल रही
यूपी पंचायत चुनाव इन दिनों तेजी के साथ चल रही है। सभी पार्टियां अपना-अपना समीकरण बनाने में जुटे हुए हैं। पार्टियां पंचायत चुनाव के मद्देनजर आंकलन करने में लगी हुई हैं। वहीं प्रत्याशियों ने भी जनसंपर्क करना शुरू कर दिया है। हालाकि अभी यह बताना मुश्किल है कि पंचायत चुनाव में किसका पलडा भारी रहेगा।