शहर के 21 चौराहे होंगे स्मार्ट, फिल्मी फोटो बनेंगे प्रवेश द्वार
राज्य स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत शहर के 21 चौराहों को स्मार्ट बनाया जाएगा। साथ ही शहर को आने वाले मुख्य मार्गो पर प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। जिले के प्रभारी व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने ये निर्देश नगर निगम और एमडीए के अधिकारियों को दिए।
मेरठ, जेएनएन। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत शहर के 21 चौराहों को स्मार्ट बनाया जाएगा। साथ ही शहर को आने वाले मुख्य मार्गो पर प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। जिले के प्रभारी व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने ये निर्देश नगर निगम और एमडीए के अधिकारियों को दिए।
मंगलवार को गंगायात्रा के बाद प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ऊर्जा भवन पहुंचे। सभागार में नगर निगम, एमडीए और पीवीवीएनएल के अधिकारियों के साथ राज्य स्मार्ट सिटी योजना और बिजली की योजनाओं की समीक्षा की। नगर आयुक्त डा. अरविंद चौरसिया ने चयनित सारे प्रोजेक्ट उनके समक्ष प्रस्तुत किए। इसमें स्मार्ट स्कूल, स्मार्ट हॉस्पिटल, एलिवेटेड रोड, नौचंदी हॉट बाजार, स्मार्ट तालाब, स्मार्ट चौराहे, स्मार्ट रोड, मल्टीलेवल पार्किंग समेत अन्य प्रोजेक्ट शामिल रहे। बताया कि इन प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने में लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नगर निगम, एमडीए, पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम के हिस्से में अधिकतर काम हैं। एमडीए उपाध्यक्ष राजेश पांडेय ने आउटर रिग रोड और इनर रिग रोड का प्रस्ताव रखा। बताया कि शहर में 21 चौराहे हैं, जिनमें से नौ चौराहों को स्मार्ट प्रोजेक्ट में लिया है। प्रभारी मंत्री ने सारे प्रोजेक्ट जानने के बाद कहा कि केवल नौ चौराहे ही क्यों, सारे 21 चौराहों को स्मार्ट बनाने का प्रस्ताव बनाया जाए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि मेरठ शहर को आने वाले मुख्य मार्गो पर प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव भी बनाया जाए। निर्देश दिया कि सारे प्रोजेक्ट के डीपीआर बनाकर जल्द से जल्द शासन को भेजे जाएं, ताकि आगे की कार्रवाई शुरू की जा सके। नगर निगम और एमडीए के अधिकारियों को सड़कों को गढ्डा मुक्त करने के निर्देश दिए। कहा कि पीडब्ल्यूडी के साथ निरीक्षण कर इसे सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा बैठक में विधायक सोमेंद्र तोमर, विधायक जितेंद्र सतवई, महानगर अध्यक्ष भाजपा मुकेश सिंघल, भाजपा पश्चिम क्षेत्र सम्पर्क मीडिया प्रमुख आलोक सिसोदिया, पीवीवीएनएल एमडी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एमडीए उपाध्यक्ष राजेश पाडे, नगर आयुक्त डा. अरविंद चौरसिया समेत सभी विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शहर में प्रवेश करते ही न दिखे कचरा
प्रभारी मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि शहर में प्रवेश करते ही कचरा नहीं दिखना चाहिए। इसकी सफाई के इंतजाम तत्काल किए जाएं। गांवड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट का प्रजेंटेशन देखने के बाद कहा कि ये प्लांट अच्छा है, लेकिन केवल इतने से काम नहीं चलेगा। शहर में डंप पूरा कचरा समाप्त करने की योजना पर काम करें। नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि जल्द ही लोहिया नगर डंपिंग ग्राउंड में बैलेस्टिक सेपरेटर प्लांट लगाने जा रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने बाजारों में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कचरे से बिजली बनाने के संयंत्र के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि पावर परचेज एग्रीमेंट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाए।