खाता गांव में जानवर के हमले से युवक घायल
क्षेत्र के गांव खाता में शनिवार देर रात तेंदुए जैसे जानवर ने युवक पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जेएनएन, मेरठ। क्षेत्र के गांव खाता में शनिवार देर रात तेंदुए जैसे जानवर ने युवक पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, इस हमले से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। वन विभाग की टीम ने मिट्टी में पंजों के निशान की जांच कर जंगली बिल्ली या किसी अन्य जानवर के होने की बात कही है।
खाता में खालिदपुर मार्ग स्थित तालाब के समीप बाहरी छोर पर मकान बने हैं। शनिवार रात 18 वर्षीय शोएब पुत्र जहीरूद्दीन अपने मकान के बाहर बरामदे में सोया था। देर रात दीवार के ऊपर से कूदकर आए जानवर ने उस पर हमला कर दिया। इससे वह रूप से घायल हो गया। शोएब के चिल्लाने पर स्वजन जाग गए। उन्होंने शोर मचाया तो जानवर पास में ही सलाउद्दीन के मकान में घुस गया। इसी बीच जाग होने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर सलाउद्दीन के मकान पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे फटकार कर जानवर को खदेड़ दिया। वह वहां से जंगल की ओर निकल भागा। गांव के ही अमरपाल, जोगिदर आदि ने बताया कि पांच दिन पहले खेत पर काम करते हुए तेंदुआ दिखाई दिया था। भय से अन्य किसान भी खेतों पर काम करने नहीं जा रहे हैं।
गांव के प्रधान प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस के साथ डिप्टी रेंजर हस्तिनापुर विनोद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच की। इन्होंने कहा..
गांव खाता में पंजों के निशान की जांच की गई। यह तेंदुए के नहीं बल्कि जंगली बिल्ली या किसी अन्य जानवर के प्रतीत होते हैं।
-विनोद कुमार, डिप्टी रेंजर
वन कार्यालय, हस्तिनापुर